Follow Us:

शिमला में आधुनिक मशीन से होगी तंग सड़कों की सफाई

शिमला में तंग सड़कों की सफाई के लिए गोबलर मशीन का ट्रायल
17 लाख कीमत की छोटी मशीन से रिज और लोअर बाजार में होगी सफाई
नगर निगम हाउस में खरीद प्रस्ताव लाया जाएगा


राजधानी शिमला में अब आधुनिक तकनीक से सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। नगर निगम शिमला ने शहर की तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सफाई के लिए छोटी गोबलर मशीन खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को मशीन का ट्रायल सीटीओ से लोअर बाजार होते हुए रिज मैदान तक किया गया। इस दौरान महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षद और संबंधित कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहे।

ट्रायल के दौरान लोअर बाजार और रिज क्षेत्र में मशीन से ड्राई वेस्ट एकत्रित कर सफाई की गई। निगम अधिकारियों के अनुसार इस गोबलर मशीन में सूखा कचरा आसानी से इकट्ठा किया जा सकता है, जिससे सुबह-शाम होने वाली नियमित सफाई और प्रभावी होगी। शहर की संकरी सड़कों पर बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पातीं, जिसके कारण कई स्थानों पर मैनुअल सफाई पर निर्भर रहना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए यह छोटी मशीन खरीदी जा रही है।

बताया जा रहा है कि गोबलर मशीन की कीमत करीब 17 लाख रुपये है। अब इस संबंध में प्रस्ताव नगर निगम हाउस में लाया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद एक या दो मशीनें खरीदी जाएंगी।

महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि फिलहाल मशीन का ट्रायल किया गया है और इसमें जो भी कमियां सामने आई हैं, उनका अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही कर्मचारी इस मशीन को संचालित कर सकता है और रिज, माल रोड व लोअर बाजार जैसे प्रमुख स्थानों पर इसका उपयोग किया जाएगा। नई तकनीक के साथ सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्षदों से भी इस संबंध में चर्चा की जाएगी ताकि मशीन का पूरा और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।

नगर निगम की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि पर्यटन नगरी शिमला में सफाई व्यवस्था और सुदृढ़ होगी तथा संकरी सड़कों पर कचरा प्रबंधन की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।