Follow Us:

राज्यपाल ने कांगड़ा DAV कॉलेज के मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

समाचार फर्स्ट डेस्क |

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बुधवार को कांगड़ा के मेहर चन्द महाजन DAV कॉलेज के वार्षिक समारोह के दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि DAV कॉलेज कांगड़ा इस जिले के पुराने और प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक है, जिससे कई मेधावी छात्र निकले हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अग्रणी है।

राज्यपाल ने कहा कि किशोरावस्था भविष्य की नींव है और इस आयु वर्ग के बच्चों को अधिक जिम्मेदार होना चाहिए तथा सफलता हासिल करने के लिए पढ़ाई पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य तथा संस्कारों पर अपना ध्यान केन्द्रित करें, जिससे उन्हें अपने जीवन में नई ऊॅचाइयां हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षक विद्यार्थियों के सबसे बड़े शुभचिन्तक होते हैं इसलिए उनका सम्मान करना चाहिए, क्योंकि उनके मार्गदर्शन से जीवन में आगे बढ़ने में मदद मिलती है।

उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अधिक पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राएं आज प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं तथा राष्ट्र के समग्र विकास और समृद्धि में अपना योगदान दे रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि नशे के खिलाफ अभियान का हिस्सा बने तथा एक स्वस्थ और जीवंत समाज बनाने में अपना योगदान दें।