-
23 जून को शिमला रिज मैदान में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का ऐतिहासिक अनावरण समारोह
-
कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेता और समर्थक होंगे शामिल
-
विक्रमादित्य सिंह ने बताया, यह फाउंडेशन का गैर-राजनीतिक सामाजिक और युवाओं के कल्याण के लिए समर्पित मंच है
Virbhadra Singh: राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने घोषणा की है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर 23 जून को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन फाउंडेशन इसे गरिमा और भावनात्मक श्रद्धांजलि के रूप में ऐतिहासिक बनाएगा।
]
विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से वीरभद्र सिंह के समर्थकों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, वर्तमान व पूर्व विधायक, विपक्ष के वरिष्ठ नेता और अधिकारी इस कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होंगे।

फाउंडेशन की शिमला में आयोजित पहली आम सभा की अध्यक्षता करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके मंत्रिमंडल ने जनता की भावना का सम्मान करते हुए वीरभद्र सिंह की प्रतिमा रिज मैदान पर स्थापित करने की स्वीकृति दी, जिसके लिए वे आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कांग्रेस हाईकमान—मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राजीव शुक्ला और रजनी पाटिल का भी इस निर्णय के लिए विशेष धन्यवाद दिया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन एक गैर-राजनीतिक मंच है, जो सामाजिक सरोकारों, जनकल्याण और युवाओं के उत्थान पर केंद्रित कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह राजनीति से ऊपर एक प्रेरणास्त्रोत थे, जिनका प्रभाव आज भी हर वर्ग में देखा जा सकता है। उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति में जो छाप छोड़ी, वह आज भी लोगों की स्मृति में जीवंत है।
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि 15 जून को फाउंडेशन की एक और बैठक होगी, जिसमें समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। विभिन्न समितियों के गठन, अतिथि सत्कार, मंच व्यवस्था, मीडिया समन्वय और अन्य आवश्यक प्रबंधों पर इस बैठक में निर्णय लिए जाएंगे।



