Follow Us:

विकास पुरुष जी.एस.बाली मेगा मेडिकल कैंप में 8 हजार लोगों की निःशुल्क जांच, दवाइयां और मेडिकल उपकरण वितरित

➤ बाल मेला 2026 के मेगा मेडिकल कैंप में 8 हजार लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
➤ मरीजों को मुफ्त दवाइयां, चश्मे, श्रवण यंत्र और अन्य मेडिकल उपकरण वितरित
➤ आर.एस. बाली बोले- बाल मेला मेरे लिए लोगों की सेवा और समर्पण का भाव है


नगरोटा, 27 जुलाई। विकासपुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेला-2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय मेगा मेडिकल कैंप में करीब 8 हजार लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की, उन्हें मुफ्त दवाइयां, चश्मे, श्रवण यंत्र तथा अन्य आवश्यक मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराए गए।

बाल मेले के मुख्य संरक्षक आर.एस. बाली ने कहा कि बाल मेला उनके लिए लोगों की सेवा और समर्पण का भाव है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति मेला कमेटी की वर्षों पुरानी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। पिछले 24 वर्षों से यह आयोजन विकासपुरुष जी.एस. बाली के प्रति लोगों के अटूट प्रेम और विश्वास को दर्शाता आ रहा है और हर वर्ष इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बाल मेला कमेटी के समर्पित सदस्यों के सहयोग से ही हर वर्ष इतने बड़े स्तर पर यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है। समिति के सभी सदस्य निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा कर रहे हैं और यही इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है।

मेगा मेडिकल कैंप में देश के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों और संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें बीएल कपूर हॉस्पिटल, दिल्ली, रोटरी आई हॉस्पिटल, पालमपुर, फोर्टिस, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा, हिमाचल डेंटल कॉलेज, सुंदरनगर, आईआईटी दिल्ली सहित अन्य संस्थानों की चिकित्सा टीमें शामिल रहीं। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने विभिन्न बीमारियों की जांच कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

कैंप के दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, आवश्यक मेडिकल जांच, नेत्र परीक्षण, मुफ्त चश्मे और श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही दूर-दराज से आए लोगों के लिए भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों ने बाल मेला कमेटी को इस भव्य और जनहितकारी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले में उमड़ी लोगों की भारी भागीदारी और जी.एस. बाली के प्रति जनता का स्नेह इस आयोजन को विशेष बनाता है। उन्होंने इसे समाज सेवा की उत्कृष्ट मिसाल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

दो दिवसीय मेगा मेडिकल कैंप के समापन पर आयोजकों ने बताया कि करीब 8 हजार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और सभी लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयां, मेडिकल उपकरण तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।