➤ मां बज्रेश्वरी देवी के आशीर्वाद से जी.एस. बाली बाल मेले का शुभारंभ हुआ
➤ पहले दिन विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
नगरोटा बगवां। विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली की स्मृति में आयोजित होने वाले जी.एस. बाली बाल मेले का शुभारंभ शुक्रवार को मां बज्रेश्वरी और मां चामुंडा देवी के पावन आशीर्वाद के साथ हुआ। मेले के पहले दिन विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया। एचपीटीडीसी के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने अपने परिवार सहित मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, प्रदेश की खुशहाली और बाल मेले सफलता की कामना की, इसके बार रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
आरएस बाली ने कहा कि स्वर्गीय जी.एस. बाली हमेशा मानते थे कि समाज की सबसे बड़ी सेवा जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाना है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बाल मेले की शुरुआत विशाल रक्तदान शिविर से की गई है। उन्होंने कहा कि बाल मेला केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने का मंच है। आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सीधे लाभ पहुंचाना है।

25 जुलाई को लगेगा प्रदेश का बड़ा मेडिकल कैंप
25 जुलाई को आयोजित होने वाला विशाल मेडिकल कैंप इस बार पहले से अधिक व्यापक और सुविधाजनक होगा। प्रदेश तथा देश के प्रतिष्ठित चिकित्सक विभिन्न विशेषज्ञताओं के साथ लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगे तथा जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराएंगे। आरएस बाली ने लोगों से अपील की कि मेडिकल जांच के लिए आने वाले सभी लोग अपना आधार कार्ड साथ लेकर आएं, ताकि आवश्यकता अनुसार हियरिंग मशीन, चिकित्सा सहायता तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाना स्वर्गीय जी.एस. बाली की प्राथमिकताओं में शामिल था और इसी सोच को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

रोजगार मेले में युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर
आरएस बाली ने कहा कि इस वर्ष रोजगार मेले को विशेष प्राथमिकता दी गई है। 25 और 26 जुलाई को आयोजित होने वाले बाल मेले में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को रोजगार मेले में अवश्य भेजें। उन्होंने कहा कि कई बार युवा चयनित होने के बाद भी निजी क्षेत्र की नौकरियां जॉइन नहीं करते, जबकि निजी क्षेत्र का अनुभव भविष्य में बेहतर करियर और नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। युवाओं को इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए।
27 जुलाई को बच्चों के लिए रहेगा आकर्षणों का संसार
27 जुलाई को आयोजित होने वाले मुख्य बाल मेले में बच्चों के लिए पहले से अधिक आकर्षक मनोरंजन गतिविधियां तैयार की गई हैं। झूले, ऊंट की सवारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनोरंजन गतिविधियां और कई अन्य विशेष आकर्षण बच्चों को उपलब्ध होंगे। पूरे आयोजन में बच्चों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, यातायात, चिकित्सा सहायता तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, ताकि प्रत्येक व्यवस्था सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित हो सके।
मुख्य समारोह में जुटेंगी प्रदेश की बड़ी हस्तियां
27 जुलाई को आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां तथा हजारों लोग भाग लेंगे। सभी अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन, सुरक्षा, यातायात और आयोजन प्रबंधन के लिए अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।



