Follow Us:

विकासपुरुष श्री जी.एस. बाली निःशुल्क मेडिकल कैंप में सैकड़ों ने पाया स्‍वास्‍थ्‍य लाभ

जी.एस. बाली बाल मेले के तीसरे दिन जनसेवा और स्वास्थ्य सेवाओं का दिखा अनूठा संगम

रजनी पाटिल ने नि:शुल्क मेडिकल कैंप का किया शुभारंभ, लोगों ने पाया स्‍वास्‍थ्‍य लाभ 


नगरोटा बगवां। विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली की स्मृति में आयोजित बाल मेले का तीसरा दिन सेवा, समर्पण और मानवता के नाम रहा। नि:शुल्क मेडिकल कैंप  और अन्‍य आयोजनों ने इस आयोजन को केवल एक मेले तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि इसे जनसेवा के महाकुंभ का स्वरूप दे दिया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने मेडिकल कैंप का शुभारंभ किया। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने प्रदेश प्रभारी का स्‍वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार,, पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और हजारों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय जी.एस. बाली के विकास मॉडल, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए कहा कि उनकी विरासत आज भी लोगों के जीवन को नई दिशा दे रही है।

जीएस. बाली की सेवा की परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं आरएस बाली’ : रजनी पाटिल

मुख्य अतिथि रजनी पाटिल ने कहा कि उन्हें इतने विशाल और सेवा को समर्पित आयोजन में आकर गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी दिल्ली में स्वर्गीय जी.एस. बाली से मुलाकात होती थी, उनकी पहली चिंता हमेशा हिमाचल प्रदेश के विकास और आम लोगों के कल्याण की होती थी। वे हर समय प्रदेश के विकास के लिए नई योजनाओं पर चर्चा करते थे।

उन्होंने कहा कि आज आरएस बाली अपने पिता की उसी सेवा परंपरा को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली बाल मेले के माध्यम से हजारों लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना किसी भी राजनीतिक आयोजन से कहीं बढ़कर मानवता की सेवा है।

रजनी पाटिल ने कहा कि यहां किसी की आंखों की रोशनी लौटाई जा रही है, किसी का इलाज किया जा रहा है और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई जा रही है। देशभर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को एक मंच पर लाकर नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना वास्तव में प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व को केवल याद करना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसके विचारों और सेवा की भावना को समाज में जीवित रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि होती है।

उन्होंने युवाओं की बड़ी भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा से जुड़ती नई पीढ़ी प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की है और यह आयोजन उसी सोच को मजबूत करता है।

‘जी.एस. बाली जैसा जनसेवक खोना हिमाचल की अपूरणीय क्षति’ : विनय कुमार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि उन्हें स्वर्गीय जी.एस. बाली के साथ बहुत करीब से काम करने का अवसर मिला। जब वे मंत्री थे, तब उन्होंने जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और विकास की दूरदृष्टि को बेहद करीब से देखा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने जी.एस. बाली के रूप में एक दूरदर्शी नेता खोया है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि संतोष की बात यह है कि आरएस बाली उसी सेवा और विकास की परंपरा को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। नगरोटा बगवां की जनता आज भी जी.एस. बाली के परिवार पर पहले की तरह विश्वास करती है और आरएस बाली अपने कार्यों से उस भरोसे को लगातार मजबूत कर रहे हैं।

विनय कुमार ने कहा कि जी.एस. बाली बाल मेले के माध्यम से हर वर्ष हजारों लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं, नेत्र उपचार, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राजनीति से ऊपर उठकर समाज सेवा की मिसाल पेश करते हैं।

जनता का आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी ताकत : आरएस बाली

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने मुख्य अतिथि रजनी पाटिल सहित सभी वरिष्ठ नेताओं और अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मराठा वीरों की भूमि से रजनी पाटिल का नगरोटा बगवां आना पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान और गर्व की बात है।

उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर का विशेष स्वागत करते हुए कहा कि वह स्वर्गीय जी.एस. बाली के संघर्ष और जनसेवा की यात्रा में हमेशा मजबूती से साथ खड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां में कांग्रेस को लगातार मिल रहा जनसमर्थन जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

आरएस बाली ने कहा कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, बीडीसी और नगर परिषद चुनावों में मिली सफलता किसी व्यक्ति की नहीं बल्कि जनता के भरोसे की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे उसी विश्वास के साथ क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे।

उन्होंने घोषणा की कि 30 जुलाई को सुबह 11 बजे ओबीसी भवन में लगभग 500 मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जाएंगे। सभी मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

‘जी.एस. बाली की विरासत समाज की सबसे बड़ी पूंजी’ : विप्लव ठाकुर

पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री विप्लव ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय जी.एस. बाली ने नगरोटा बगवां ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उनके कार्य सदैव याद रखे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज आरएस बाली उसी सेवा और विकास की परंपरा को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। यही पूरे क्षेत्र और कांग्रेस परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली केवल राजनेता नहीं थे बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले जननेता थे।

बाल मेले के दौरान आयोजित नि:शुल्क मेडिकल कैंप में प्रदेश और देश के विभिन्न अस्पतालों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हजारों लोगों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। वहीं इससे पहले दूसरे दिन आयोजित  रक्तदान शिविर में लोगों का उत्साह देखते ही बना। करीब 250 लोगों ने रक्तदान किया। बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचे, लेकिन रक्त संग्रहण क्षमता पूरी होने के कारण कई इच्छुक लोगों से बाद में आने का आग्रह करना पड़ा।

कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि,  500 मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्‍य

कार्यक्रम के दौरान कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। साथ ही घोषणा की गई कि 30 जुलाई को मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और दवाइयां वितरित की जाएंगी। 500 मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्‍य रखा गया है।

सेवा के साथ संस्कृति और मनोरंजन का भी आकर्षण

जी.एस. बाली बाल मेले में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक और पारिवारिक आकर्षण भी देखने को मिला। हाथी और ऊंट की सवारी, बच्चों के झूले, जलेबी, आइसक्रीम तथा स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बड़ी संख्या में परिवारों ने मेले का आनंद लिया और सामाजिक, सांस्कृतिक तथा जनसेवा के इस अनूठे संगम की सराहना की।