Follow Us:

जीएस बाली की सेवा सोच को आगे बढ़ाएगा 24वां बाल मेला, रोजगार और स्वास्थ्य के नए अवसर खुलेंगे

24वें ‘विकास पुरुष स्व. जी.एस. बाली बाल मेला’ को जनसेवा का सबसे बड़ा अभियान बनाने की तैयारी

रोजगार मेला, विशाल मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर पर रहेगा विशेष फोकस

आरएस बाली ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां, हजारों लोगों की भागीदारी का लक्ष्य


नगरोटा बगवां। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने कहा कि 24वां ‘विकास पुरुष स्व. जी.एस. बाली बाल मेला’ केवल एक पारंपरिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि स्वास्थ्य, रोजगार, रक्तदान और जनसेवा का सबसे बड़ा मंच बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक में पूरे आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वर्गीय जी.एस. बाली ने जिस सेवा भावना और जनकल्याण के उद्देश्य से इस बाल मेले की शुरुआत की थी, उसी विरासत को और अधिक व्यापक स्वरूप देकर आगे बढ़ाया जा रहा है।

बैठक की शुरुआत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जी.एस. बाली को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा तथा क्षेत्र के विकास में दिए गए योगदान को याद किया। आरएस बाली ने घोषणा की कि अब यह आयोजन आधिकारिक रूप से ‘विकास पुरुष स्व. जी.एस. बाली बाल मेला’ के नाम से आयोजित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनकी जनसेवा की विरासत को हमेशा याद रखें।

आरएस बाली ने बताया कि 24 जुलाई को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन बन सकता है और यही जी.एस. बाली की सेवा भावना का सबसे बड़ा संदेश था।

उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को आयोजित होने वाला विशाल मेडिकल कैंप इस बार पहले से अधिक व्यापक होगा। प्रदेश और देश के प्रतिष्ठित चिकित्सक लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगे तथा जरूरतमंदों को विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मेडिकल जांच के लिए आने वाले सभी लोग अपना आधार कार्ड साथ लेकर आएं, ताकि आवश्यकता अनुसार हियरिंग मशीन, चिकित्सा सहायता और अन्य सुविधाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई जा सकें।

आरएस बाली ने कहा कि इस वर्ष के रोजगार मेले को विशेष प्राथमिकता दी गई है। देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को रोजगार मेले में अवश्य भेजें। उन्होंने कहा कि कई बार युवा चयनित होने के बाद भी नौकरी जॉइन नहीं करते, जबकि निजी क्षेत्र का अनुभव भविष्य में बेहतर करियर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवाओं को इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए इस बार पहले से अधिक आकर्षक मनोरंजन गतिविधियां, झूले, ऊंट की सवारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य विशेष आकर्षण तैयार किए जा रहे हैं। पूरे आयोजन में बच्चों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, ताकि प्रत्येक व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।

आरएस बाली ने बताया कि 27 जुलाई को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां तथा हजारों लोग भाग लेंगे। सभी अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन, यातायात, सुरक्षा और प्रबंधन के लिए अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

बैठक के दौरान स्वयंसेवकों को निर्देश दिए गए कि वे समय रहते अपने आई-कार्ड प्राप्त करें तथा निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचें। अनुभवी स्वयंसेवकों को उन्हीं जिम्मेदारियों में लगाया गया है, जिनका उन्हें पूर्व का अनुभव है, ताकि पूरे आयोजन में अनुशासन और बेहतर समन्वय बना रहे।

आरएस बाली ने कहा कि यह बाल मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वर्गीय जी.एस. बाली के सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के विजन को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से इस जनसेवा अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।