➤ डिस्कवरी वाइन शॉप के PSO ने 50 लाख रुपए लेकर की धोखाधड़ी
➤ कार दिल्ली की MCD पार्किंग में छोड़ ऋषिकेश-हरिद्वार घूमता रहा
➤ क्राइम ब्रांच ने 49.50 लाख रुपए बरामद कर आरोपी को पकड़ा
गुरुग्राम में एक बड़े वाइन शॉप ग्रुप में भरोसे को तोड़ने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डिस्कवरी वाइन शॉप के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) ने 50 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार होने की साजिश रच डाली। यह रकम मालिक ने उसे दिल्ली में जानकार को देने के लिए सौंपी थी।
आरोपी ने पूरी नकदी अपनी S-PRESSO कार की डिग्गी में रखी और दिल्ली पहुंचने के बाद तय व्यक्ति को पैसे देने के बजाय फोन बंद कर दिया। इसके बाद उसने कार को बत्रा अस्पताल के पास MCD पार्किंग में खड़ा कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि नकदी से भरी कार पूरे सात दिन तक वहीं खड़ी रही, जबकि आरोपी हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने चला गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ऋषिकेश में अपना मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। बाद में वह पत्नी और बच्चों को लेने गांव जाने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस कार्रवाई के डर से बीच रास्ते गुरुग्राम लौट आया।
मंगलवार रात जब वह सेक्टर-56 स्थित अपने कमरे पर पहुंचा, तभी क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जय प्रताप सिंह, निवासी गांव बेलाहार, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पिछले 10 वर्षों से डिस्कवरी वाइन ग्रुप में PSO के तौर पर कार्यरत था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हिमाचल प्रदेश में फलों का बाग लगाना चाहता था और इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत थी। जब उसे 50 लाख रुपए अकेले दिल्ली ले जाने की जिम्मेदारी मिली, तो उसने इसी मौके पर रकम हड़पने की पूरी साजिश रच ली।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली की MCD पार्किंग से कार बरामद की। कार की डिग्गी से 49 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी ने 50 हजार रुपए घूमने-फिरने में खर्च कर दिए थे।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 के इंचार्ज नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में कोई अन्य कर्मचारी शामिल था या नहीं।



