➤ राहुल गांधी पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने का आरोप
➤ कांग्रेस युवाओं को एआई रोजगार नहीं देना चाहती: ठाकुर
➤ भाजपा शहरी प्रकोष्ठ की बैठक में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प
हमीरपुर में प्रदेश भाजपा शहरी प्रकोष्ठ की बैठक के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का विरोध कर रहे हैं और उन्हें इस कृत्य के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
बैठक में प्रदेश भर से आए शहरी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और अजमेर सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।
कांग्रेस पर कर्ज और विकास को लेकर सवाल
मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण राज्य पर भारी कर्ज का बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और युवाओं से झूठे वादे किए गए और सरकार अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने का प्रयास कर रही है।
ठाकुर ने दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदेश को 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपये दिए गए, बावजूद इसके विकास कार्यों का स्पष्ट लेखा-जोखा सामने नहीं आया।
एआई मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने एआई का राजनीतिक नहीं बल्कि राष्ट्र विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है और युवाओं को एआई के क्षेत्र में मिलने वाले अवसरों से वंचित करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हो रही है, जिससे देश की छवि प्रभावित हुई है।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाने और आगामी चुनावों में सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प भी लिया।



