Follow Us:

खरड़ से दबोचा गया हिमाचल में नशा सप्लाई करने वाला ; अब पूरे ड्रग नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा

हमीरपुर चिट्टा तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, खरड़ से सप्लायर गिरफ्तार
भोटा में 5.40 ग्राम चिट्टा बरामदगी के बाद मोहाली-चंडीगढ़ नेटवर्क तक पहुंची जांच
मोबाइल रिकॉर्ड और संपर्कों की जांच में जुटी पुलिस, पूरे गिरोह पर कसेगा शिकंजा


जिला हमीरपुर के भोटा में 25 जुलाई को सामने आए चिट्टा तस्करी मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए सदर थाना पुलिस ने चिट्टा सप्लाई करने वाले आरोपी बलविंद्र को पंजाब के खरड़ (मोहाली) से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे ड्रग नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भोटा क्षेत्र में नशे की खेप पहुंचाई गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पीएचसी भोटा के समीप गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर खड़ी एक टैक्सी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 5.40 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। मौके पर पुलिस ने विकास कुमार निवासी बरोटी और निखिल निवासी सौर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से की गई पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए। जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टा मोहाली-चंडीगढ़ क्षेत्र से खरीदा गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए खरड़ से आरोपी बलविंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके लिए आरोपियों के मोबाइल रिकॉर्ड, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि भोटा में दर्ज चिट्टा तस्करी मामले में सदर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हुआ था कि नशा मोहाली-चंडीगढ़ क्षेत्र से लाया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोकल सप्लायर बलविंद्र को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की जा रही है और जो भी इस तस्करी में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि जिला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।