Follow Us:

हिमाचल में नशा बेचकर मां के खाते में पैसा जमा करवाता था बेटा, मां गिरफ्तार बेटा फरार

  • हमीरपुर पुलिस थाना के तहत अणु में 5.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ से 40 वर्षीय महिला उर्मिला को गिरफ्तार किया है

  • आरोप है कि साहिल महिला के बैंक खाते में पैसे जमा करवाता था और इसके बदले महिला का बेटा उसे हेरोइन (चिट्टा) उपलब्ध करवाता था

  • मामले में महिला का बेटा अभी फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है, वहीं गिरफ्तार महिला को अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है


पुलिस थाना हमीरपुर के तहत अणु क्षेत्र में 5.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से 40 वर्षीय महिला उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस मामले में मुख्य आरोपी का बेटा अभी पुलिस की पहुंच से बाहर और फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि साहिल नामक व्यक्ति इस महिला के बैंक खाते में नशे के लिए पैसे जमा करवाता था और इसके बदले महिला का बेटा उसे हेरोइन उपलब्ध करवाता था। नशा तस्करी के इस बड़े नटवर्क का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है ताकि तस्करी से जुड़े अन्य राज भी उजागर हो सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 26 जुलाई को वार्ड नंबर-10 रामनगर में की गई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा हुआ है। उस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों के कब्जे से 10.33 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने शशांक भारद्वाज निवासी गांव बड़ैहर (तहसील भोरंज), नवीन कपलेश निवासी गांव लोहारड़ा और अश्वनी कुमार निवासी गांव बरोहा (डाकघर डुग्घा) को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने बलजीत और गुरदेव को भी अपनी गिरफ्त में लिया। इन आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य तस्कर साह तक पहुंची, जिसे अणु के वार्ड नंबर-7 स्थित एक कमरे से 5.37 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अब इस कड़ी में महिला की गिरफ्तारी से ड्रग्स तस्करी के एक और बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस पूरे मामले में बेहद बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसका बेटा अभी पुलिस पहुंच से बाहर है, जिसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा।