➤ लोहरड़ा बाईपास पर 74 वर्षीय दुकानदार को दो युवकों ने बनाया निशाना
➤ 200 के नोटों के बदले 500 के नोट लेकर थमाए नकली नोट
➤ पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, आरोपियों की तलाश तेज
दर थाना क्षेत्र के तहत लोहरड़ा बाईपास पर ठगी की एक चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां दो शातिर युवकों ने 74 वर्षीय दुकानदार चुन्नी लाल को चाय पीने और बातचीत के बहाने अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने नकली नोटों के जरिए उनसे करीब 3,200 रुपये की धोखाधड़ी कर दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर दो अज्ञात युवक कार में सवार होकर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पहले नमकीन के साथ चाय पी और खुद को सामान्य ग्राहक की तरह पेश किया। कुछ देर बातचीत के बाद उन्होंने दुकानदार से कहा कि उनके पास 200-200 रुपये के नोट हैं और उन्हें बदले में 500 रुपये के नोट चाहिए।
बातों में उलझे बुजुर्ग दुकानदार ने बिना ज्यादा जांच किए उन्हें 500 रुपये के 12 नोट, यानी कुल 6,000 रुपये दे दिए। बदले में युवकों ने 200 रुपये के 30 नोट थमा दिए। दुकानदार ने उन नोटों को भी बिना जांच किए सीधे गल्ले में रख लिया।
अगले दिन जब नोटों की जांच की गई तो मामला सामने आया। कुल 30 नोटों में से 16 नोट नकली निकले, जबकि केवल 14 नोट असली पाए गए। इस तरह दुकानदार को करीब 3,200 रुपये का नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि नकदी लेनदेन के दौरान नोटों की अच्छी तरह जांच जरूर करें।



