Follow Us:

हमीरपुर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के 10 साल पूरे, रैली से दी जागरूकता की प्रेरणा

Beti Bachao Beti Padhao Hamirpur: हमीरपुर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जिला मुख्यालय के सचिवालय परिसर से शुरू होकर भोटा चौक तक निकाली गई। रैली में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने भाग लिया। अभियान के तहत 22 जनवरी से 8 मार्च तक ब्लॉक स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें हस्ताक्षर अभियान भी शामिल है।

बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में एडीएम हमीरपुर राहुल चौहान ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता प्रयासों के चलते हमीरपुर जिले में लिंगानुपात में सुधार हुआ है। रैली और हस्ताक्षर अभियान का उद्देश्य बेटियों के महत्व को रेखांकित करना और लोगों को उनकी सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक करना है।

एडीएम राहुल चौहान ने कहा, “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान ने सकारात्मक परिणाम दिए हैं। आने वाले समय में यह अभियान और अधिक प्रगतिशील रूप से जारी रहेगा।” इस अभियान के दौरान जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया जा सके।