Follow Us:

हाई स्कूल के पास बैठे थे दो युवतियां और तीन युवक,पुलिस ने तलाशी ली तो मिला चिट्टा

हमीरपुर में दो युवतियों समेत पांच युवाओं से चिट्टा बरामद
नादौन पुलिस ने गश्त के दौरान 1.40 ग्राम चिट्टा किया बरामद
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शुरू की जांच


हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नादौन पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवतियों सहित पांच युवाओं को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा और उनके कब्जे से 1.40 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नादौन पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम तरेटी गांव के हाई स्कूल के समीप पहुंची, जहां पांच युवक-युवतियां संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर सभी व्यक्ति नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे।

संदेह के आधार पर पुलिस ने मौके पर खड़ी गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पारदर्शी पन्नियों में भूरे-सफेद रंग का पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने जब इस पदार्थ को इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर तौला तो इसकी कुल मात्रा 1.40 ग्राम चिट्टा पाई गई। इसके अलावा एक काले रंग के पर्स से पहचान पत्र, नकदी और कुछ जले हुए नोट भी बरामद हुए।

पुलिस ने मौके पर बरामद समस्त सामग्री को नियमानुसार सील कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। मामले में कुशल कुमार निवासी भूम्पल (नादौन), अंकित निवासी जलाड़ी, पंकज कौंडल निवासी भड़ोली (जिला कांगड़ा), अमरजोत निवासी होशियारपुर तथा तमन्ना निवासी जालंधर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हो सकता है। जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गश्त के दौरान कुछ युवाओं से चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हमीरपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी चिट्टे के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बनी हुई है। ऐसे में पुलिस लगातार नशा तस्करों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर नजर बनाए हुए है।