Follow Us:

₹3000 के विवाद में मिस्त्री की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

  • हमीरपुर के नादौन में 3 हजार रुपये के लेनदेन पर मिस्त्री की फावड़े से काटकर निर्मम हत्या

  • शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, स्थानीय आरोपी सुरजीत गिरफ्तार और बिहार का मुख्य आरोपी संतोष फरार

  • कच्चे मकान के बरामदे से खून से लथपथ शव और फावड़ा बरामद, पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी


हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मात्र तीन हजार रुपये के मामूली लेनदेन को लेकर हुए खूनी विवाद में एक प्रवासी राजमिस्त्री की फावड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना नादौन की फस्टे पंचायत के अंतर्गत आने वाले ट्यालू गांव में पेश आई। मृतक की पहचान प्रवासी मिस्त्री दिग्विजय उर्फ गांगुली के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल स्थानीय निवासी सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा मुख्य आरोपी फरार है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात को तीनों लोगों ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर आपस में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि मजदूरों ने तैश में आकर मिस्त्री पर फावड़े से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। बुधवार शाम को एक सुनसान जगह पर बने कच्चे मकान के बरामदे में मिस्त्री का खून से लथपथ शव बरामद किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने वारदात स्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सना फावड़ा अपने कब्जे में ले लिया है और सभी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए हैं। मामले में नामजद दूसरा आरोपी संतोष, जो मूल रूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला है, वारदात के बाद से फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हमीरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश कुमार उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और फरार चल रहे दूसरे आरोपी संतोष को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।