Follow Us:

Video: जिम संचालक की सुबह वार्म-अप के दौरान सरेआम गोली मारकर हत्या

हांसी में जिम संचालक कपिल की सुबह वार्म-अप के दौरान सरेआम गोली मारकर हत्या

बाइक सवार दो हमलावरों ने 5 सेकेंड में करीब 10 राउंड फायरिंग कर वारदात को दिया अंजाम

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी, युवती भी हुई घायल


हरियाणा के हिसार जिले के हांसी शहर में वीरवार सुबह हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। शहर के एक प्रसिद्ध जिम संचालक कपिल (25) की अज्ञात हमलावरों ने सरेआम गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब कपिल अपने प्रशिक्षुओं को जिम के बाहर वार्म-अप करवा रहे थे। वारदात का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है।

मृतक कपिल मूल रूप से जींद जिले के डालमवाला गांव के निवासी थे और पिछले तीन वर्षों से हांसी में RED Gym का संचालन कर रहे थे। हाल ही में उन्होंने अपना जिम क्रांतिकारी चौक स्थित नए परिसर में शिफ्ट किया था। बताया जा रहा है कि वह रोजाना सुबह प्रशिक्षुओं को जिम के बाहर वार्म-अप करवाते थे।

जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 5:25 बजे कपिल कुछ युवक-युवतियों को दुकान के बाहर बनी सीढ़ियों पर वार्म-अप करवा रहे थे। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने सफेद टोपी और चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बाइक से उतरते ही पीछे बैठे हमलावर ने कपिल पर बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। महज 5 सेकेंड के भीतर करीब 10 गोलियां चलाई गईं। हमलावर ने कपिल के सिर और पीठ को निशाना बनाया। गोलियां लगते ही कपिल जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग के दौरान वहां मौजूद शिखा नामक युवती भी घायल हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसे गोली का छर्रा लगा है। घायल युवती को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनते ही वहां मौजूद युवक-युवतियां अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद गंभीर रूप से घायल कपिल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कपिल ने कुछ समय पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। हालांकि पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे किसी एक कारण को लेकर निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच एजेंसियां पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत रंजिश, पेशेवर प्रतिस्पर्धा और अन्य सभी संभावित एंगलों पर जांच कर रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए, फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियों को भी जांच में लगाया गया। घटनास्थल से करीब 10 खोखे बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपियों ने पूरी योजना और रेकी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। कपिल की रोजमर्रा की दिनचर्या की जानकारी पहले से जुटाई गई थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के भागने के रूट और पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है।

हांसी के डीएसपी विनोद शंकर के अनुसार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। कई टीमें अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। कपिल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे, जिसके कारण इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।