Follow Us:

Hanuman Janmotsav: हनुमान जयंती पर आशीर्वाद लेने जाखू पहुंचे सीएम सुक्खू और नेता विपक्ष

➤ हनुमान जन्मोत्सव पर मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जाखू मंदिर पहुंचे
➤ दोनों नेताओं ने प्रदेश की खुशहाली, सुरक्षा और प्रगति के लिए प्रार्थना की
➤ मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी जाखू मंदिर पहुंचकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं



शिमला: हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित प्रसिद्ध जाखू हनुमान मंदिर में आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपने-अपने परिवार सहित मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंदिर में माथा टेकने के बाद कहा कि आज हनुमान जयंती का पावन दिन है और बजरंगबली से हमें जो प्रेरणा मिलती है, उसी भावना के साथ वह यहां दर्शन करने पहुंचे हैं। उन्होंने प्रदेश की शांति, समृद्धि और लोगों के कल्याण की कामना की।

वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी जाखू मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी प्रदेशवासियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे हैं और वह प्रार्थना करते हैं कि हनुमान जी सभी की रक्षा करें, शक्ति दें और प्रदेश को आगे बढ़ने का बल प्रदान करें।

इस दौरान हिमाचल सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी जाखू मंदिर पहुंचे। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कामना की कि प्रभु राम और हनुमान जी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और प्रदेश वर्तमान चुनौतियों से बाहर निकलकर खुशहाली की राह पर आगे बढ़े।

हनुमान जयंती के अवसर पर जाखू मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली और पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा।