➤ सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत
➤ बस में 66 यात्री थे सवार
➤ नाहन मेडिकल कॉलेज में घायलों से की मुलाकात
हरिपुरधार क्षेत्र में हुए भीषण बस सड़क हादसे के बाद आज उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने डॉ वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
उप मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि शिमला से कुपवी जा रही निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
घायलों को मेडिकल कॉलेज नाहन, सिविल अस्पताल राजगढ़, आईजीएमसी शिमला, सोलन और कुछ को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस स्किड होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के समय बस में कुल 66 यात्री सवार थे।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि 16 घायल नाहन अस्पताल पहुंचे हैं, जहां उनका इलाज पूरी मुस्तैदी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है।
घटनास्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा और बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया और घायलों की मदद की। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।



