हाइलाइट्स
-
एफआईआर रद्द करने की अर्जी – सोलन पुलिस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सिंगर रॉकी मित्तल के खिलाफ दर्ज गैंगरेप केस को रद्द करने की अर्जी कोर्ट में दी।
-
मामला और आरोप – दिल्ली की महिला ने दोनों पर कसौली के होटल में नशा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था, लेकिन जांच में आरोप सिद्ध नहीं हो पाए।
-
राजनीतिक तूल – बड़ौली ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया, जबकि मामला हरियाणा की राजनीति में हलचल का कारण बना।
सोलन पुलिस ने भाजपा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सिंगर रॉकी मित्तल के खिलाफ दर्ज गैंगरेप मामले को रद्द करने की अर्जी कोर्ट में दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में कई आरोप सिद्ध नहीं हो पा रहे हैं। लिहाजा पुलिस ने इस मामले को रद्द करने की कोर्ट में गुहार लगाई है। एफआईआर 13 दिसंबर 2024 को हिमाचल प्रदेश के कसौली पुलिस थाने में दर्ज की गई थी।
दिल्ली की एक महिला ने आरोप लगाया था कि उसे कसौली के एक सरकारी होटल में जबरन शराब पिलाकर दुष्कर्म किया गया। महिला का दावा था कि रॉकी मित्तल ने उसे अपनी एल्बम में अभिनेत्री बनाने और बड़ौली ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। आरोपों के अनुसार, दुष्कर्म के बाद उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाए गए और धमकाकर उसे कमरे से बाहर निकाल दिया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पंचकूला में उसे झूठे केस में फंसाने की कोशिश की गई।
इस मामले में हिमाचल पुलिस ने बड़ौली और मित्तल के खिलाफ आईपीसी की धारा 376D और 506 के तहत मामला दर्ज किया था। सोलन जिले के परवाणू के डीएसपी मेहर पंवर ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा चुकी है। हालांकि, पीड़ित महिला ने मेडिकल जांच कराने से इनकार कर दिया था, जिससे केस की स्थिति कमजोर हो गई।
राजनीतिक हलकों में यह मामला गर्मा गया है क्योंकि हिमाचल में कांग्रेस सरकार है और बड़ौली को हरियाणा भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह मामला सामने आया। इस बीच, बड़ौली ने अपने घर पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी बंद कर दी थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
उधर, सोलन के एक पुलिस के अधिकारी ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। कहा, अभी मामले की जांच चल रही है, अभी चार्जशीट दाखिल नहीं की है। हिमाचल पुलिस से फिलहाल आरोपियों को किसी तरह की राहत नहीं है।