Follow Us:

ऊनाः हरोली जनमंच में 66 जनसमस्याओं की हुई सुनवाई

रविंदर, ऊना |

हरोली विधानसभा क्षेत्र के पालकवाह में जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जल शक्ति, बागवानी औऱ सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने की। जनमंच में ग्राम पंचायत पालकवाह, नंगल खुर्द, कर्मपुर, चंदपुर, ललड़ी, कुंगड़त, हलेड़ा विलना, भदौड़ी, हरोली औऱ सेंसोवाल की समस्याएं सुनी गईं। जनमंच कार्यक्रम में चयनित पंचायतों से 24, कलस्टर से बाहर की पंचायतों से 27 तथा प्री जनमंच में 15 जन समस्याएं प्राप्त हुईं। इस अवसर पर जल शक्ति, बागवानी तथा सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जन समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करने को प्रतिबद्ध है। जनमंच की शुरूआत से लेकर अब तक लगभग 45 हजार शिकायतें व मांगें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 90 प्रतिशत का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जनमंच न सिर्फ जन समस्याओं के निपटारे का मंच है बल्कि यहां पर लगाई जाने वाली विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंच रही है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र भी जनमंच में आबंटित किए जाते है।

महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर एक गरीब परिवार में पले बड़े हैं, ऐसे में गरीब का दुख-दर्द वह भली-भांति जानते हैं। जनमंच कार्यक्रम जहां अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित कर रहा है वहीं लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से छुटकारा दिलाता है जिससे लोगों के धन व समय की बचत होती है। उन्होंने कहा दो वर्ष के कार्यकाल में जय राम ठाकुर सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं सफलतापूर्वक चलाई हैं, जिनसे लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। गृहिणी सुविधा योजना का लाभ मात्र डेढ़ वर्ष में ही प्रदेश के लोगों तक पहुंचाया गया और आज हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां हर परिवार के पास रसोई गैस का कनेक्शन है।

छूटे हुए नालों का भी होगा चैनलाइजेशन

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि स्वां नदी के चैनलाइजेशन से जिला ऊना में समृद्धि आई है। भाजपा के नेतृत्व में सरकारों ने तटीयकरण की इस योजना को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा और आज पूरे देश में स्वां तटीयकरण के काम को मॉडल के रूप में दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा स्वां नदी में मिलने वाले ऐसे नालों का भी चैनलाइजेशन किया जाएगा जहां अभी तक तटीयकरण का काम नहीं हो पाया है। विभाग के अधिकारियों को उन्होंने इस संबंध में डीपीआर बनाने के निर्देश दिए हैं। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला ऊना के लिए एक बड़ी सिंचाई परियोजना विचाराधीन है। पौंग बांध का पानी ऊना में पहुंचाया जाएगा, जिससे जिला के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों को इस परियोजना पर काम करने के निर्देश दे दिए गए हैं। परियोजना का खाका तैयार होने के बाद इसे स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा ताकि जिला ऊना का किसान खुशहाल हो सके।

जल जीवन मिशन के तहत हरोली को मिले 30 करोड़

महेंद्र ठाकुर ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट के तहत हर घर में नल की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को इस परियोजना के तहत 30 करोड़ रुपए मिले हैं। अगर और अधिक धन की आवश्यकता हुई तो वह भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने कहा कि जनमंच लोकतंत्र को धरातल पर लाने का कार्य कर रहा है। आम आदमी के लिए यह कार्यक्रम एक हथियार की तरह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहुत उत्तम कार्य कर रही है। जल शक्ति विभाग के माध्यम से हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपए के कार्य करवाए जा रहे हैं। जल शक्ति विभाग के मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की प्रशंसा करते हुए प्रो. राम कुमार ने कहा कि वह 10 हजार करोड़ रुपए विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से लेकर आए हैं, जो अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि स्वां चैनलाइजेशन से 10 हजार हैक्टेयर भूमि फिर से खेती योग्य बनी है। प्रो. राम कुमार ने रिक्लेम की गई भूमि पर बागवानी विभाग की मदद से कोई परियोजना लगाने की मांग उठाई।