Follow Us:

गंभीर हार्ट अटैक से जूझ रहे युवक को फोर्टिस ने दी नई जिंदगी: कांगड़ा में पहली बार अत्याधुनिक लीडलेस पेसमेकर तकनीक का सफल उपयोग

फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने कंप्लीट हार्ट ब्लॉक से पीड़ित मरीज में लीडलेस पेसमेकर का सफल प्रत्यारोपण किया

गंभीर हार्ट अटैक और हृदय की धड़कन रुकने जैसी स्थिति से जूझ रहे मरीज को मिली नई जिंदगी

क्षेत्र में अत्याधुनिक कार्डियक केयर और हार्ट रिदम मैनेजमेंट सेवाओं को मिली नई मजबूती


कांगड़ा। फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने कार्डियक केयर के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एक युवा मरीज में लीडलेस पेसमेकर (AVEIR VR/RV) का सफल प्रत्यारोपण किया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीज को आपातकालीन स्थिति में भर्ती कराया गया था। वह एंटीरियर वॉल मायोकार्डियल इंफार्क्शन (गंभीर हार्ट अटैक) और कंप्लीट हार्ट ब्लॉक जैसी जानलेवा स्थिति से पीड़ित था।

डॉक्टरों ने बताया कि मरीज को तत्काल और सटीक उपचार की आवश्यकता थी। रीवैस्कुलराइजेशन प्रक्रिया सफल होने के बाद भी मरीज अस्थायी पेसमेकर पर निर्भर था, जिसके कारण लंबे समय तक हृदय की धड़कनों को नियंत्रित रखने के लिए स्थायी समाधान जरूरी था।

मरीज की स्थिति को देखते हुए फोर्टिस कांगड़ा की कार्डियक टीम ने लीडलेस पेसमेकर लगाने का निर्णय लिया। यह आधुनिक तकनीक पारंपरिक पेसमेकर से अलग है क्योंकि इसमें छाती में पॉकेट बनाने या तार (लीड्स) डालने की आवश्यकता नहीं होती। इससे संक्रमण, लीड से जुड़ी जटिलताओं और लंबे समय तक डिवाइस से होने वाली परेशानियों का खतरा काफी कम हो जाता है।

कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दार अमीन और डॉ. सचिन गौतम ने बताया कि यह उपलब्धि क्षेत्र में कार्डियक इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी और पेसिंग तकनीक के क्षेत्र में नवीनतम वैश्विक तकनीक को उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह मरीज-केंद्रित, साक्ष्य आधारित और अत्याधुनिक हृदय उपचार देने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय कार्डियक टीम, कैथ लैब स्टाफ, इमरजेंसी केयर टीम और अन्य सहयोगी विभागों के समन्वय एवं विशेषज्ञता को दिया।

इस उपलब्धि पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा के निदेशक अमन सोलोमन ने कहा कि अस्पताल नवाचार, सटीकता और संवेदनशीलता के साथ हृदय रोग उपचार सेवाओं को लगातार आगे बढ़ा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को विश्वस्तरीय सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर एवं पब्लिक आउटरीच विभाग से दीपक लट्ठ भी उपस्थित रहे।