Follow Us:

कुल्लू : मलाणा के पास हुआ भारी भूस्खलन, रास्ते का नामोनिशान मिटा

गौरव, कुल्लू |

कुल्लू जिला के दूरदराज के क्षेत्र मलाणा गांव के समीप भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी से भारी भूस्खलन हो गया है, जिसके कारण गांव को जाने वाले एक मात्र रास्ते का 20 मीटर के दायरे तक नामोनिशान मिट गया है। भूस्खलन से गांव के लोगों की कई बीघा भूमि और सेब के पौधों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। अभी भी गांव के समीप बह रहे नाले के साथ रुक-रुक कर मलबा गिर रहा है। गांव के लोग अपने स्तर पर रास्ता बनाने में जुट गए हैं।

स्थानीय पंचायत प्रधान भागे राम ने बताया कि गांव के समीप पहाड़ी  से भारी भूस्खलन रात के समय हुआ है, जिससे गांव को जाने वाला एक मात्र रास्ता बंद हो गया है। भूस्खलन के कारण गांव को बुध नामक व्यक्ति के दो दर्जन सेब के पेड़ नष्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वयं रास्ता बनने में जुट गए हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पक्का रास्ता बनाने और भूस्खलन को रोकने के लिए डंगे लगाने के लिए आर्थिक मदद करें ताकि ग्रामीणों को आवाजाही के लिए कोई असुविधा का सामना न करना पड़े। इस वर्ष भारी बर्फबारी से मलाणा गांव में अभी एक फुट बर्फ गिरी है। ऐसे में भारी बर्फबारी के कारण जमीन धंस रही है, जिससे जगह-जगह पर भूस्खलन से नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित सहायता की मांग की है।