हिमाचल में शिवरात्रि पर बरसेंगे मेघ, बर्फबारी का पूर्वानुमान

|

  • शिवरात्रि पर बर्फबारी: हिमाचल प्रदेश में 25 से 27 फरवरी तक भारी बर्फबारी की संभावना
  • मौसम पूर्वानुमान: 22 से 24 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी
  • तापमान में गिरावट: ताबो में तापमान -11.2 डिग्री तक पहुंचा, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी गिरावट दर्ज

Heavy snowfall in Himachal: हिमाचल प्रदेश में महाशिवरात्रि पर भारी बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी होगी। 26 और 27 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है।

हालांकि, 22 से 24 फरवरी के बीच मौसम साफ रहेगा। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी। आज भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया।

ताबो में तापमान -11.2 डिग्री, कई जगहों पर गिरावट

बीते दो दिनों में बारिश और बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 24 घंटों में 2.6 डिग्री कम हो गया। ताबो में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री गिरकर -11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

अन्य प्रमुख स्थानों का तापमान इस प्रकार रहा:

  • भुंतर: 4.0 डिग्री (5.5 डिग्री की गिरावट)
  • कल्पा: -3.5 डिग्री (3.7 डिग्री की गिरावट)
  • केलांग: -5.8 डिग्री (3.5 डिग्री की गिरावट)
  • कांगड़ा: 6.6 डिग्री (4.4 डिग्री की गिरावट)

शुक्रवार को कई जगह दिन के तापमान में बढ़ोतरी

शुक्रवार कई स्‍थानों पर दिनभर धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 4.3 डिग्री बढ़ा। कांगड़ा का तापमान 8.6 डिग्री के उछाल के बाद 22.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।