Follow Us:

मेधावियों को लैपटपाट-टैबलेट के लिए मिलेंगे 16-16 हजार के कूपन, बाकी खुद के पैसे डाल खरीद सकेंगे पसंदीदा माडल

हिमाचल में 10 हजार मेधावियों को मिलेगा 16-16 हजार का गैजेट कूपन
विद्यार्थी स्वयं चुन सकेंगे मनपसंद लैपटॉप या टैबलेट, कंपनियां करेंगी होम डिलीवरी
सुक्खू सरकार ने योजना में लाया नया पारदर्शी डिजिटल मॉडल


हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक बड़ी पहल करते हुए स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले 10 हजार मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप या टैबलेट देने का फैसला लिया है, लेकिन इस बार तरीका पूरी तरह से डिजिटल, पारदर्शी और छात्रों की पसंद पर आधारित होगा। शैक्षणिक सत्र 2022-23 में दसवीं, बारहवीं और कॉलेज स्तर की मेधा सूची में चयनित विद्यार्थियों को 16-16 हजार रुपये के कूपन प्रदान किए जाएंगे। ये विद्यार्थी अपनी पसंद के कंपनी ब्रांड का लैपटॉप या टैबलेट चुन सकेंगे।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस बार वह प्रत्यक्ष रूप से कोई गैजेट नहीं खरीदेगी, बल्कि विद्यार्थियों को डिजिटल वाउचर देकर उन्हें ही निर्णय लेने का अधिकार देगी कि वे कौन-सा उपकरण लेना चाहते हैं। इसके लिए राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ने एक विशेष पोर्टल विकसित किया है, जिसमें विद्यार्थी अपने दस्तावेज़ और डिटेल्स अपलोड करके सीधे ऑनलाइन चयन कर सकेंगे।

गैजेट्स की कॉन्फ़िगरेशन पहले से तय की गई है, और कई नामी कंपनियों को सरकार द्वारा प्रमाणित किया गया है। चयनित कंपनी विद्यार्थी को कोरियर के माध्यम से उत्पाद सीधे घर पहुंचाएगी, जिससे मध्यस्थता और भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी।

योजना का इतिहास भी खासा रोचक रहा है। इसकी शुरुआत वर्ष 2007 में धूमल सरकार के दौरान हुई थी। फिर 2012 में वीरभद्र सिंह सरकार ने इसका विस्तार किया और 2017 में जयराम ठाकुर सरकार ने कुछ समय तक असमंजस में रहने के बाद इसे जारी रखा। अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने इसमें पारदर्शिता और डिजिटल सुविधा का नया रूप जोड़ते हुए इसे फिर से एक सम्मान योजना का स्वरूप दे दिया है।

शिक्षा विभाग ने इस योजना के औपचारिक शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा है, जिसके बाद मेधावियों को यह सौगात मिलनी शुरू हो जाएगी।