Follow Us:

हिमाचल: सरकारी कर्मचारियों को सौगात, 3 फीसदी डीए बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को तीन फीसद महंगाई भत्ता जारी कर दिया है। वित्त विभाग ने वीरवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। अब कर्मचारियों को महंगाई भत्ता 28 फीसदी से बढ़कर 31 फीसदी हो गया है। प्रदेश के सभी नियमित कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को बढ़ा हुआ डीए फरवरी के वेतन में मिलेगा। जबकि एक जुलाई 2021 से 31 जनवरी 2022 तक कर एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में डाला जाएगा। इस पर ब्याज 1 मार्च 2022 से दिया जाएगा।

वहीं, जो कर्मचारी इस बीच सेवानिवृत हुए या जिन्होंने जीपीएफ खाता बंद कर दिया है या अंशदायी पेंशन योजना के तहत आते हैं, उन्हे डीए का एरियर एक जुलाई 2021 से मार्च 2022 में फरवरी के वेतन के साथ नकद दिया जाएगा। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्यसचिव वित्त प्रबोध सक्सेना की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही अब प्रदेश के आईएएस अधिकारियों की तर्ज पर कर्मचारियों को भी 31 फीसदी डीए मिलेगा। इससे राज्य के करीब 2.25 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

बता दें कि महंगाई भत्ते को लेकर करीब तीन महीने पहले कर्मचारियों ने नाराजगी जाहिर की थी कि प्रदेश के कर्मचारियों को भी भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के समान यह प्रदान किया जाए। मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने 25 फरवरी को हिमाचल के पूर्ण राज्‍यत्‍व दिवस समारोह के दौरान डीए बढ़ाने की घोषणा की थी। अब सरकार ने आज इसकी अधिसूचना जारी कर कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत दी है।