Follow Us:

➤ एशियन गेम्स पदक विजेताओं के लिए 5.33 करोड़ के नकद पुरस्कारों की घोषणा

➤ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जापान में आयोजित खेलों के लिए किया ऐलान

➤ महिला कबड्डी टीम और मैराथन-दौड़ के खिलाड़ियों को मिलेगी बड़ी सौगात


मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेल-2026 में हिमाचल प्रदेश के पदक विजेताओं के लिए लगभग 5.33 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कारों की घोषणा की। यह पुरस्कार उनके शानदार प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और समर्पण के सम्मान में दिया जा रहा है, जिससे राज्य का नाम रोशन हुआ है। हिमाचल प्रदेश खेल परिषद नकद पुरस्कार नियम 2024 के अनुसार स्वर्ण पदक जीतने वाली 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम की चार हिमाचली सदस्य- पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को प्रत्येक को 33.33 लाख रुपये मिलेंगे। कबड्डी टीम में शामिल हिमाचली खिलाड़ियों के लिए कुल पुरस्कार राशि लगभग 1.33 करोड़ रुपये होगी और टीम पुरस्कार का वितरण नियमों के अनुसार खिलाड़ियों की भागीदारी के अनुपात में किया जाएगा।

मंडी के सावन बरवाल को पुरुषों की मैराथन में रजत पदक जीतने के लिए 2.50 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि चंबा की सीमा कुमारी को महिलाओं की 10,000 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के लिए 1.50 करोड़ रुपये मिलेंगे। पदक विजेताओं, उनके परिवारों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी उपलब्धियां हिमाचल प्रदेश के लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनके समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ने राज्य का मान बढ़ाया है और यह और अधिक युवाओं को खेल अपनाने तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।

सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित और प्रेरित करने के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को अब पांच करोड़, रजत पदक विजेताओं को 3 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जाते हैं। एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में, स्वर्ण पदक विजेताओं को 4 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 2.50 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1.50 करोड़ दिए जाते हैं। राष्ट्रमंडल खेलों और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों मे, स्वर्ण पदक विजेताओं को तीन करोड़, सिल्वर मेडल जीतने वालों को 2 करोड़ और कांस्य पदक जीतने वालों को 1 करोड़ रुपये दिए जाते हैं।