➤ बजट सत्र से पहले विधायकों के 100+ प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त
➤ 16 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत
➤ सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक और कांग्रेस-भाजपा की रणनीतिक बैठकें
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी को दोपहर दो बजे से शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण से होगी।
बजट सत्र के लिए विधायकों की ओर से राज्य विधानसभा सचिवालय को 100 से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इन प्रश्नों को संबंधित विभागों को जवाब तैयार करने के लिए भेज दिया गया है। अस्थायी सूची के अनुसार सत्र का पहला चरण फिलहाल 18 फरवरी तक चलेगा।
सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में वे कांग्रेस और भाजपा विधायक दल से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपील करेंगे।
16 फरवरी को यदि कोई शोकोद्गार होगा तो उस पर वक्तव्य दिए जाएंगे, जिसके बाद शासकीय और विधायी कार्य शुरू होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा या राजस्व घाटा अनुदान बंद करने के मुद्दे पर बहस की संभावना है।
विधायकों की ओर से राजस्व घाटा अनुदान, प्रदेश की आर्थिक स्थिति, सेब पर आयात शुल्क में कमी, कानून-व्यवस्था और खनन जैसे मुद्दों पर सवाल लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय मुद्दे भी उठाए जाएंगे।
सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होगी, जिसमें विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति तय की जाएगी। वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में 16 फरवरी को सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में होगी, जिसमें सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी की जाएगी।



