Follow Us:

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र आज से, राज्यपाल देंगे अभिभाषण

  • हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल देंगे अभिभाषण
  • मुख्यमंत्री 17 मार्च को पेश करेंगे सरकार का तीसरा बजट
  • विपक्ष उठाएगा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और वित्तीय संकट जैसे मुद्दे

Himachal Pradesh Budget Session 2025: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से आरंभ हो रहा है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल दोपहर में अभिभाषण देंगे, जिससे सत्र की विधिवत शुरुआत होगी। इसके अगले दिन से राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी, जो कई दिनों तक चलेगी। इस बार का बजट सत्र कुल 16 बैठकें लेकर आएगा और 28 मार्च तक चलेगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 17 मार्च को राज्य का बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट पेश होने के बाद इस पर सदन में विस्तृत चर्चा होगी। इस दौरान सरकार की योजनाओं, नीतियों और वित्तीय प्रबंधन पर मंथन होगा। 26 मार्च को आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजट पारित किया जाएगा।

विपक्ष ने इस बार सत्र के दौरान कई प्रमुख मुद्दे उठाने की योजना बनाई है। मंदिरों के कोष का सरकारी योजनाओं में इस्तेमाल, वित्तीय संकट, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेंशन मुद्दे और विधानसभा भर्ती विवाद जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की तैयारी की जा रही है।

सत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विधानसभा परिसर में कड़ी व्यवस्था की गई है। करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।