-
10 मार्च को हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल अभिभाषण का प्रारूप स्वीकृत।
-
145 नए पदों के सृजन और भरने को मंजूरी।
-
अटल सुपर स्पेशियलिटी मेडिकल संस्थान में नए पद स्वीकृत।
-
कत्था भट्टियों को आईबीआर बायलर में बदलने की स्वीकृति।
Himachal Cabinet Decisions 2025: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 10 मार्च, 2025 को होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 8वें सत्र के उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप को स्वीकृति दी गई। साथ ही, भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट 2023-24 को बजट सत्र में प्रस्तुत करने की भी मंजूरी दी गई।
राज्य में 145 नए पदों को सृजित कर भरा जाएगा। इसमें नगर निगमों में 66, नगर परिषदों में 3, नवसृजित नगर पंचायतों में 70, और शहरी विकास विभाग में 6 पदों को भरने की स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त, शिमला स्थित अटल सुपर स्पेशियलिटी मेडिकल संस्थान, चमियाणा में गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के लिए दो वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सकों के पद सृजित किए जाएंगे।
पारंपरिक कत्था भट्टियों को आईबीआर बायलर युक्त कत्था भट्टियों में बदलने का निर्णय लिया गया। अब इन्हें राज्य के मुख्य बायलर निरीक्षक के पास पंजीकृत कराना अनिवार्य होगा। नई व्यवस्था के तहत खैर लकड़ी (छाल सहित) को सालाना 5435 से 7500 क्विंटल तक संसाधित करने की अनुमति दी गई है।



