Follow Us:

चंबा की सीमा ने 25 हजार मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण, बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

➤ कोलकाता में विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में हिमाचल की सीमा ने रचा इतिहास
➤ 25,000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
➤ चंबा की धाविका को कुल चार लाख रुपये नकद पुरस्कार

हिमाचल प्रदेश की धाविका सीमा ने कोलकाता में आयोजित विश्व स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। सीमा ने 25,000 मीटर दौड़ में 1:26:04 के शानदार समय के साथ स्वर्ण पदक जीतते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया।

इस उपलब्धि के साथ सीमा ने न केवल प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया, बल्कि भारतीय एथलेटिक्स में एक नया मानक भी स्थापित किया है। स्वर्ण पदक जीतने पर आयोजकों की ओर से सीमा को तीन लाख रुपये नकद पुरस्कार और स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। वहीं रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के लिए उन्हें एक लाख रुपये अतिरिक्त दिए गए।

चंबा जिले की रहने वाली सीमा ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने परिवार, कोच और ऑफिशियल पेसर अनीष चंदेल को दिया। उन्होंने कहा कि दौड़ के दौरान अनीष चंदेल का मार्गदर्शन और सहयोग बेहद अहम रहा। बिलासपुर निवासी अनीष चंदेल ने पूरी दौड़ के दौरान तय गति बनाए रखी और मानसिक रूप से भी उन्हें प्रेरित किया।

इस उपलब्धि पर जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार मनु ने सीमा को बधाई देते हुए इसे पूरे हिमाचल के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों के खिलाड़ियों को भी समान सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।