Follow Us:

बजट 2026-27 से हिमाचल को ₹20,365 करोड़: सुरेश कश्यप

➤ बजट 2026-27 में हिमाचल को ₹20,365 करोड़ की हिस्सेदारी
➤ इको-फ्रेंडली माउंटेन कॉरिडोर और मेडिकल टूरिज्म से मिलेगा बड़ा लाभ
➤ आयुष सेक्टर और पर्यटन को बढ़ावा, युवाओं के लिए नए अवसर


नाहन में आयोजित “विकसित भारत युवा संसद 2026” के जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्रीय बजट 2026-27 को हिमाचल प्रदेश के लिए विकासोन्मुख और संभावनाओं से भरा हुआ बताया। “युवा शक्ति, भारत की शक्ति” कार्यक्रम के तहत डीआरडीए हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के आधारभूत ढांचे, सामाजिक कल्याण और आर्थिक प्रगति को नई दिशा देगा।

सांसद कश्यप ने जानकारी दी कि बजट 2026-27 में हिमाचल प्रदेश को केंद्र करों में 0.914 प्रतिशत हिस्सेदारी के अंतर्गत कुल ₹20,365 करोड़ की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहयोग राज्य के विकास कार्यों को गति देगा और बुनियादी ढांचे के विस्तार में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय राज्यों के लिए घोषित इको-फ्रेंडली माउंटेन कॉरिडोर को हिमाचल के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। वित्त मंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-संवेदनशील पर्वतीय मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव प्रदेश में पर्यटन, बेहतर कनेक्टिविटी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा। कश्यप ने कहा कि इससे दूरस्थ क्षेत्रों का विकास होगा और क्षेत्रीय संतुलन को भी मजबूती मिलेगी।

सांसद ने बजट में पर्यटन और जैव विविधता को दिए गए विशेष फोकस का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पर्यटन प्रधान राज्य को इससे सीधा लाभ होगा। होटल, होमस्टे, इको-टूरिज्म, स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों की मांग में वृद्धि होगी, जिससे युवाओं और स्थानीय समुदाय को व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

मेडिकल टूरिज्म हब योजना को उन्होंने हिमाचल के लिए बड़ा अवसर करार दिया। भारत को वैश्विक मेडिकल टूरिज्म हब बनाने के उद्देश्य से पांच क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने की घोषणा को उन्होंने दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल अपने स्वच्छ वातावरण, आयुष परंपरा और वेलनेस सुविधाओं के कारण इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।

आयुष सेक्टर को सशक्त करने की दिशा में बजट में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना और आयुष फार्मेसी तथा औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के उन्नयन की घोषणा का भी उन्होंने स्वागत किया। कश्यप ने कहा कि हिमाचल औषधीय पौधों और आयुर्वेदिक परंपरा का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यह पहल राज्य के किसानों, उद्यमियों और युवाओं के लिए नए आर्थिक अवसर लेकर आएगी।

कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा शक्ति नेतृत्व की भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।