Follow Us:

हिमाचल कैबिनेट की अहम बैठक , करुणामूलक नौकरी और लीज रूल संशोधन पर फैसला संभव


➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सचिवालय में कैबिनेट बैठक
➤ करीब 22 एजेंडा आइटम पर चर्चा, करुणामूलक नौकरी में आयु सीमा छूट पर फैसला संभव
➤ लीज रूल-2013 संशोधन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और खेल छात्रावास विस्तार भी एजेंडे में


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज सचिवालय में मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में करीब 22 एजेंडा आइटम पर चर्चा प्रस्तावित है और कई अहम नीतिगत फैसले लिए जा सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार गृह विभाग में करुणामूलक आधार पर नौकरी देने के लिए आयु सीमा में छूट देने के प्रस्ताव पर कैबिनेट में फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा राजस्व विभाग द्वारा भेजे गए लीज रूल-2013 में संशोधन के प्रस्ताव पर भी चर्चा होने की संभावना है।

कैबिनेट बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के नियमों में बदलाव को लेकर भी विचार-विमर्श हो सकता है। वहीं आगामी विधानसभा बजट सत्र में पेश किए जाने वाले संशोधन विधेयकों और वर्ष 2025-26 के अनुपूरक बजट को भी मंजूरी दी जा सकती है।

खेल छात्रावासों के विस्तार पर भी चर्चा
बैठक में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल छात्रावासों के विस्तार के प्रस्ताव पर भी चर्चा संभावित है। खास तौर पर हमीरपुर खेल छात्रावास की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है।

सरकार पहले ही बिलासपुर, शिमला और सिरमौर जिलों में तीन नए खेल छात्रावास खोलने और मौजूदा छात्रावासों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय ले चुकी है।

खाली पदों को भरने पर भी फैसला संभव
सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने और नए पद सृजित करने को लेकर भी मंजूरी मिल सकती है। आवश्यकता पड़ने पर बैठक में सप्लीमेंटरी एजेंडा आइटम भी शामिल किए जा सकते हैं

विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले होने वाली यह कैबिनेट बैठक कई अहम प्रशासनिक और नीतिगत निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है

\