Follow Us:

हिमाचल कैबिनेट बैठक, जानें क्‍या हो सकते हैं बड़े फैसले

Himachal Cabinet Meeting: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी देना, बस किराया वृद्धि पर निर्णय, स्कूल और कॉलेजों का युक्तिकरण, शिक्षा निदेशालय का पुनर्गठन और सरकारी भर्तियां शामिल हैं।

कैबिनेट की इस बैठक में राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी दी जाएगी, क्योंकि 10 मार्च से हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने वाला है। यह अभिभाषण सरकार की नीतियों और आगामी योजनाओं की रूपरेखा तय करेगा।कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। सरकार की कोशिश है कि विभिन्न रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाए।

बस किराया बढ़ाने पर फैसला संभव
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने राज्य सरकार को न्यूनतम बस किराया ₹5 से बढ़ाकर ₹10 करने और सामान्य किराये में 20% बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा है। निजी बस ऑपरेटर भी लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। प्रदेश में काफी समय से बस किराए में वृद्धि नहीं हुई है, जबकि महिलाओं को 50% छूट दी जा रही है। सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि बजट सत्र से पहले किराया बढ़ाया जाए या नहीं।

स्कूल और कॉलेज युक्तिकरण का प्रस्ताव
शिक्षा विभाग ने स्कूल और कॉलेजों के युक्तिकरण का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। यदि यह लागू होता है, तो उन स्कूलों को बंद किया जा सकता है, जहां 25 से कम छात्र हैं। वर्तमान में 257 स्कूल ऐसे हैं, जिन पर ताला लग सकता है। इसी तरह, जिन कॉलेजों में 100 से कम छात्र हैं, वे भी बंद किए जा सकते हैं। सरकार इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेगी। मुख्यमंत्री सुक्खू चाहते हैं कि पहली से 12वीं कक्षा तक के लिए एक ही शिक्षा निदेशालय बनाया जाए और कॉलेजों के लिए अलग निदेशालय स्थापित किया जाए। इस पर भी कैबिनेट में चर्चा होगी।

एचआरटीसी को नई बसें खरीदने की अनुमति मिल सकती है
प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का मामला लंबे समय से अटका हुआ है। कैबिनेट इस पर भी चर्चा करेगी और संभवतः नई बसों की खरीद को मंजूरी दे सकती है।