Follow Us:

हिमाचल के चीफ सेक्रेटरी बने संजय गुप्ता:रिटायरमेंट से 5 दिन पहले नियुक्ति

  • संजय गुप्ता को हिमाचल का नया चीफ सेक्रेटरी नियुक्त किया गया
  • रिटायरमेंट से सिर्फ 5 दिन पहले सरकार ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
  • मुख्य सचिव नियुक्ति के बीच हाईकोर्ट में लंबित है याचिका और विवाद

हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता को राज्य का नया चीफ सेक्रेटरी नियुक्त कर दिया है। कार्मिक विभाग की ओर से मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें रिटायरमेंट से महज पांच दिन पहले यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

अब तक संजय गुप्ता कार्यवाहक मुख्य सचिव के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। उनकी नियुक्ति के बाद राज्य के प्रशासनिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि सरकार उन्हें सेवाविस्तार भी दे सकती है, क्योंकि वह 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

संजय गुप्ता वर्ष 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के सबसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी माने जाते हैं। वह मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं और अक्टूबर 2025 से मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल रहे थे।

हालांकि उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब उनके खिलाफ हाईकोर्ट में एक याचिका लंबित है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि उनके खिलाफ पहले से तीन एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें भ्रष्टाचार निरोधक कानून से जुड़े मामले भी शामिल बताए गए हैं। याचिकाकर्ता ने अदालत में यह भी दलील दी है कि मुख्य सचिव जैसा संवेदनशील पद देने से पहले विजिलेंस स्थिति पर विचार होना जरूरी है।

इसी बीच सोलन के चर्चित चेस्टर हिल मामले में भी संजय गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। माकपा लगातार उन्हें पद से हटाने की मांग करती रही है।

वहीं हिमाचल सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस अधिकारी अमरजीत सिंह को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया है। इससे पहले यह विभाग भी संजय गुप्ता के पास ही था।