Follow Us:

मिडल ईस्ट में रह रहे हिमाचली नागरिक सुरक्षित, राज्य सरकार सतर्क


विदेश मंत्रालय के साथ निरंतर संपर्क, हालात पर कड़ी निगरानी
उड़ानें बहाल होते ही वापसी के इच्छुक लोगों को मिलेगा सहयोग


मिडल ईस्ट में जारी तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उद्योग एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने स्पष्ट किया है कि वहां रह रहे प्रदेश के नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं और राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

मंत्री ने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में काम कर रही है। केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ निरंतर संपर्क स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वर्तमान स्थिति कितने समय तक बनी रहेगी, लेकिन अब तक किसी भी हिमाचली नागरिक के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

चौहान ने कहा कि सरकार लगातार फीडबैक जुटा रही है और यह जानकारी एकत्र की जा रही है कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रदेश के कितने लोग मौजूद हैं। हालांकि फिलहाल सटीक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, लेकिन जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां परिजनों से संपर्क में हैं और हालात की नियमित समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि कई परिवारों ने सरकार से संपर्क कर चिंता व्यक्त की थी। उन्हें आश्वस्त किया गया है कि उनके परिजन सुरक्षित हैं और घबराने की आवश्यकता नहीं है। मंत्री ने कहा कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बहाल होंगी, तब जो भी व्यक्ति भारत लौटना चाहेगा, उसके लिए आवश्यक सहयोग और समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

मंत्री के अनुसार फिलहाल कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है और एयरस्पेस बंद होने के कारण आवाजाही बाधित है। ऐसे में राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय बनाकर हर संभव कदम उठाने को तैयार है।

सरकार ने दोहराया है कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।