➤ हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के साथ पहुंचे दिल्ली
➤ कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में SIR के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की बनेगी रणनीति
➤ मंत्रिमंडल विस्तार और खाली पदों को भरने को लेकर हाईकमान से करेंगे चर्चा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू आज दिल्ली में आयोजित होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में विशेष रूप से शामिल होंगे। इस उच्चस्तरीय बैठक में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की बड़ी रणनीति तैयार की जाएगी। कांग्रेस पार्टी का मुख्य आरोप है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में गंभीर प्रशासनिक और पारदर्शिता के सवाल खड़े हुए हैं, और इसी को लेकर पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की इस बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सुक्खू कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं और राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस दौरान मुख्य रूप से कैबिनेट विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की संभावना है। राज्य में एक मंत्री पद और डिप्टी स्पीकर का पद भरा जाना लंबे समय से लंबित है। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चा के अनुसार, मंत्री पद के लिए विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी लगभग तय मानी जा रही है। इसके अलावा विधायक संजय रत्न और आशीष बुटेल के नाम भी प्रबल दावेदारों के रूप में चर्चा में बने हुए हैं। हाईकमान के साथ इस अहम मंत्रणा के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू आज शाम को ही वापस हिमाचल लौटेंगे।
दूसरी ओर, मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर भी कांग्रेस पार्टी लगातार आक्रामक बनी हुई है। चुनाव आयोग के कामकाज और इस पूरी प्रक्रिया में सामने आए कथित मतभेदों को लेकर पार्टी ने केंद्र पर दबाव बढ़ा दिया है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार प्रदर्शन किए गए थे और डीसी के माध्यम से चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपे गए थे। आज होने वाली इस बैठक में देशव्यापी आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाने तथा आगामी तीस सितंबर को प्रस्तावित विपक्षी गठबंधन की बैठक के लिए संयुक्त रूप से रणनीति तय किए जाने की पूरी संभावना है।



