➤ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस देगी युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता
➤ पालमपुर, सोलन और मंडी में कई प्रत्याशी घोषित
➤ धर्मशाला में अधिकांश सीटें फाइनल, बाकी गुरुवार तक तय होंगी
हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि इस बार चुनाव में युवाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण पहले से लागू है। बुधवार देर शाम कांगड़ा में हुई कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पालमपुर नगर निगम के सभी प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए गए हैं। वहीं मंडी में अब तक 10 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। इसके अलावा सोलन नगर निगम में भी 11 उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला नगर निगम में 15 वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो चुके हैं, जबकि दो वार्ड अभी लंबित हैं, जिन्हें गुरुवार तक तय कर लिया जाएगा।
https://www.facebook.com/share/p/1CLxbQuZSo/
सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव में जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को ही मैदान में उतार रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी केवल नगर निकाय चुनाव ही चुनाव चिह्न पर लड़ रही है, जबकि पंचायत चुनावों में सीधा हस्तक्षेप नहीं किया जा रहा है।

राजनीतिक बयानबाजी के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आपदा के समय केंद्र द्वारा आरजीडी (Rural Development Grant) बंद करने से हिमाचल को करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने भाजपा को हिमाचल विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के सामने उठाएगी।

वहीं, पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश में चार नगर निगमों के चुनावों को लेकर टिकट आवंटन पर विस्तृत चर्चा की गई है। पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार ने भी स्पष्ट किया कि सभी जिला अध्यक्षों से राय लेकर ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है, जिनकी जीत की संभावना सबसे अधिक हो।
उधर, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने अपने सोशल मीडिया आकउंट में जानकारी दी कि में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने की।

इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, सह प्रभारी चेतन चौहान और राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण और कांग्रेस पार्टी के विभिन्न जिलाध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए।



