-
हिमाचल कांग्रेस कार्यकारिणी गठन में देरी पर नेताओं ने जताई नाराजगी, रजनी पाटिल से की मुलाकात
-
अजय माकन भी रहे मौजूद, कार्यकारिणी भंग होने से संगठन में बिखराव की आशंका
-
10 जून तक नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित हो सकता है, प्रतिभा सिंह को लेकर मतभेद
Himachal Congress president update: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से लंबित प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर संगठन में गहरी बेचैनी है। शुक्रवार शाम से देर रात तक पीटरहॉफ शिमला में प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकातों का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान कई मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने उनसे मुलाकात की और छह महीने से कार्यकारिणी नहीं बनने के कारण हो रहे संगठनात्मक नुकसान पर चिंता व्यक्त की।
बैठकों में कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और सांसद अजय माकन भी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि नवंबर 2024 में ब्लॉक, जिला और राज्य कार्यकारिणी भंग किए जाने के बाद से पार्टी का संगठनात्मक ढांचा कमजोर हो गया है। इससे कार्यक्रमों की रफ्तार थम गई है और जमीनी स्तर पर बिखराव की स्थिति बन गई है।
कई नेताओं ने पार्टी प्रभारी के समक्ष प्रतिभा सिंह को अध्यक्ष बनाए रखने की पैरवी की, वहीं कुछ ने संगठन में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देने की मांग उठाई। माना जा रहा है कि इस फीडबैक को लेकर रजनी पाटिल और अजय माकन शनिवार सुबह दिल्ली लौटेंगे और पार्टी हाईकमान के समक्ष अपनी रिपोर्ट रखेंगे।
सूत्रों के अनुसार, 10 जून 2025 तक हिमाचल कांग्रेस को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। यह फैसला दिल्ली में पार्टी हाईकमान की मंजूरी के बाद लिया जाएगा।