Follow Us:

हिमाचल के डिपुओं में महंगी हुई उड़द-चना दाल, जानें नए रेट


हिमाचल के डिपुओं में उड़द और चना दाल 8 से 12 रुपये महंगी होगी
19.5 लाख उपभोक्ताओं को नई दरों पर मिलेगी उड़द 76 रुपये और चना 72 रुपये किलो
मलका दाल पुराने दाम पर ही, बाजार से अब भी सस्ती मिलेंगी डिपो की दालें



हिमाचल प्रदेश के करीब 19.5 लाख उपभोक्ताओं के लिए डिपो प्रणाली में मिलने वाली दालें अब महंगी हो गई हैं। सरकार ने उड़द और चना दाल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है, जबकि मलका दाल पहले की दर पर ही उपलब्ध रहेगी।

नई दरों के अनुसार, गरीबी रेखा से ऊपर (APL) परिवारों को मिलने वाली उड़द दाल अब 76 रुपये प्रति किलो और गरीबी रेखा से नीचे (BPL) परिवारों को 58 रुपये की बजाय 76 रुपये में मिलेगी। पहले APL परिवारों के लिए यह 68 रुपये और BPL के लिए 58 रुपये में मिल रही थी। इसी तरह चना दाल 60 रुपये से बढ़कर 72 रुपये किलो हो गई है। वहीं मलका दाल 66 रुपये किलो की दर से ही मिलती रहेगी।

जानकारी के अनुसार, यह बढ़ोतरी सपोर्ट प्राइस में इजाफे और पैकिंग पर 5% टैक्स के चलते की गई है। हालांकि सरकार का कहना है कि बढ़ोतरी के बावजूद डिपो की दरें बाजार की तुलना में अभी भी काफी कम हैं। फिलहाल खुले बाजार में उड़द दाल 120 रुपये किलो, चना और मलका दाल 90 रुपये किलो बिक रही हैं।

दालों के अलावा, डिपो में अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी जारी है। सरसों तेल की आपूर्ति के लिए 27 लाख लीटर की निविदाएं शुक्रवार को खुल रही हैं। वर्तमान में उपभोक्ताओं को डिपो में रिफाइंड तेल 910 एमएल पैक पर 125 रुपये लीटर की दर से उपलब्ध है।

प्रदेश सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं को नियमित सप्लाई और बाजार से सस्ता राशन उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि, उपभोक्ता संगठन इस बढ़ोतरी पर सवाल खड़े कर रहे हैं और गरीब वर्ग पर बढ़ते बोझ की ओर इशारा कर रहे हैं।