Follow Us:

किन्नौर में CM फहराया तिरंगा, पीएम नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं

रिकांगपिओ में सुबह 11 बजे राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह
महिलाओं के लिए ₹1500 मासिक योजना और DA घोषणा पर सबकी नजर
PM ने दी शुभकामनाएं, प्रदेशभर में जिला स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम


शिमला/किन्नौर: हिमाचल दिवस के अवसर पर आज राज्य स्तरीय समारोह किन्नौर जिले के रिकांगपिओ स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu सुबह 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। राज्य स्तरीय समारोह को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस बार समारोह को लेकर प्रदेशभर में विशेष उत्साह है, क्योंकि मुख्यमंत्री के संबोधन से बड़ी घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना’ के तहत किन्नौर की महिलाओं के लिए ₹1500 मासिक सहायता की घोषणा संभव मानी जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के करीब दो लाख कर्मचारियों और डेढ़ लाख पेंशनरों की नजरें भी महंगाई भत्ते (DA) पर टिकी हुई हैं, क्योंकि लगभग 13 प्रतिशत डीए लंबित बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री अपने किन्नौर दौरे के दौरान पहले ही क्षेत्र के विकास को लेकर कई घोषणाएं कर चुके हैं। मंगलवार को उन्होंने कलपा में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए ₹10 करोड़ और अन्य परियोजनाओं के लिए भी राशि घोषित की। इससे आज के समारोह में और बड़े ऐलानों की उम्मीद बढ़ गई है।

समारोह का मुख्य आकर्षण सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की परेड होगी। इसके अलावा हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाने के लिए विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दल प्रस्तुतियां देंगे। सरकारी विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल भी लगाएंगे।

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी हिमाचल दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में हिमाचल को पावन देवभूमि बताते हुए इसकी समृद्ध परंपराओं, सांस्कृतिक धरोहर और लोगों की कर्मठता की सराहना की।  वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देवभूमि हिमाचल प्रदेश के स्‍थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने एक्‍स पर पोस्‍ट करते हुए लिखा कि अपने अद्भुत सौंदर्य और गौरवाशाली परंपराओं के लिए प्रसिद्ध हिमाचल, ऐसे ही  प्रगति और विकास की ओर अग्रसर रहे।

इतिहास की बात करें तो हिमाचल प्रदेश 15 अप्रैल 1948 को 30 रियासतों के विलय से अस्तित्व में आया था। बाद में 25 जनवरी 1971 को इसे पूर्ण राज्य का दर्जा मिला। इसी गौरवपूर्ण यात्रा की स्मृति में हर वर्ष 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस मनाया जाता है।