➤ शिक्षा विभाग ने नए साल से पहले 779 अधिकारियों को प्रमोशन का तोहफा दिया
➤ 267 लेक्चरर और 512 हेडमास्टर बने स्कूल प्रिंसिपल
➤ शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक मौजूदा स्कूलों में ही करेंगे कार्य
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग ने नए साल से पहले बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए स्कूल लेक्चरर और हेडमास्टर को प्रमोशन का तोहफा दिया है। विभाग ने 267 स्कूल लेक्चरर और 512 हेडमास्टर को स्कूल प्रिंसिपल के पद पर पदोन्नत किया है। इस संबंध में सेक्रेटरी एजुकेशन की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
DPC की सिफारिश पर मिली पदोन्नति
शिक्षा विभाग ने यह पदोन्नति विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की सिफारिशों के आधार पर की है। कुल मिलाकर 779 अधिकारियों को प्रिंसिपल पद पर प्रमोट किया गया है। यह पदोन्नति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
लेवल-21 वेतनमान मिलेगा
पदोन्नत अधिकारियों को लेवल-21 वेतनमान प्रदान किया जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रमोट प्रिंसिपल को FR-22 के तहत वेतन निर्धारण का विकल्प नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख से एक महीने के भीतर देना होगा।
जॉइनिंग रिपोर्ट की तय प्रक्रिया
सभी पदोन्नत अधिकारियों को डिप्टी डायरेक्टर के माध्यम से सेक्रेटरी कार्यालय में ईमेल द्वारा जॉइनिंग रिपोर्ट भेजनी होगी। इसके बाद संबंधित डिप्टी डायरेक्टर 15 दिनों के भीतर सभी जॉइनिंग रिपोर्ट डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन को भेजेंगे।
शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक मौजूदा स्कूल में तैनाती
शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र समाप्त होने तक सभी प्रमोट प्रिंसिपल अपने वर्तमान पोस्टिंग प्लेस पर लेक्चरर या हेडमास्टर के रूप में ही कार्य करते रहेंगे। विभाग का मानना है कि बीच सत्र में ट्रांसफर से पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
वेतन-भत्तों का मिलेगा लाभ
हालांकि, सत्र समाप्त होने तक मौजूदा पद पर काम करने के बावजूद, डिप्टी डायरेक्टर कार्यालय में जॉइनिंग रिपोर्ट देने के बाद सभी अधिकारी प्रिंसिपल पद के वेतन और भत्तों के हकदार होंगे।



