➤ पूर्व सैनिकों और परिवारों के लिए 17.09 करोड़ की सहायता
➤ 2,263 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ
➤ शहीद या दिव्यांग जवानों के 57 आश्रितों को 7.62 करोड़
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूर्व सैनिकों, युद्ध विधवाओं, वीरता पुरस्कार विजेताओं और रक्षा कर्मियों के आश्रितों के लिए वित्तीय सहायता जारी की है। सरकार के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 17.09 करोड़ रुपये की सहायता और अनुदान दिए गए, जिससे 2,263 लाभार्थी लाभान्वित हुए।
सरकार के मुताबिक वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 968 लाभार्थियों को 6.13 करोड़ रुपये दिए गए। वहीं, राज्य के 1,084 वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को उनकी सेवाओं और साहस के सम्मान में 3 करोड़ रुपये जारी किए गए।
ड्यूटी के दौरान शहीद या दिव्यांग हुए रक्षा कर्मियों के 57 आश्रितों को 7.62 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा 154 वार-जागीर लाभार्थियों को 20.83 लाख रुपये और पुणे तथा मोहाली स्थित पैराप्लेजिक पुनर्वास केंद्रों को 6 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।
सरकार के अनुसार, सेवा के दौरान किसी जवान की मृत्यु होने पर उसके निकटतम परिजन को तत्काल सहायता के रूप में 75 हजार रुपये दिए जाते हैं। सैनिक कल्याण भवनों के रखरखाव के लिए भी 6.74 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य संकट की स्थिति में सैनिकों और उनके परिवारों को समय पर आर्थिक और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।



