Follow Us:

हिमाचल में सूखे के हालात, 75% कम बारिश-बर्फबारी से बढ़ी चिंता

शिमला: हिमाचल प्रदेश में इस विंटर सीजन में भी बीते साल जैसे सूखे के हालात बनने लगे हैं। अब तक सामान्य से 75 प्रतिशत कम बारिश-बर्फबारी हुई है, जिससे किसानों, सेब बागवानों और पर्यटन उद्योग पर संकट गहराने लगा है। चिंता की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक भी बारिश और बर्फबारी के कोई खास आसार नहीं हैं

नॉर्मल से 75% कम बारिश-बर्फबारी, टूरिज्म और खेती पर असर

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जनवरी से 11 फरवरी तक सामान्य रूप से 117.9 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार सिर्फ 29.4 मिमी ही बारिश और बर्फबारी दर्ज हुई है। इसका सीधा असर पर्यटन उद्योग पर पड़ा है, क्योंकि बर्फबारी के अभाव में टूरिस्ट निराश लौट रहे हैं। वहीं, सेब उत्पादकों और किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं, क्योंकि सर्दियों में ही फसलें सूखने लगी हैं और पेयजल-सिंचाई के स्त्रोत कमजोर पड़ने लगे हैं।

पिछले साल भी कम रहा था मानसून, अब फिर संकट गहराया


प्रदेश में पिछले साल मानसून सीजन में सामान्य से 19% कम बारिश हुई थी। इसके बाद पोस्ट-मानसून सीजन में भी 98% कम वर्षा हुई और अब विंटर सीजन में भी हालात बिगड़ रहे हैं।

अगले 4 दिन रहेगा शुष्क मौसम, बढ़ेगा तापमान


मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिन तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलेगी। इससे तापमान में और बढ़ोतरी होगी। पहले से ही मैक्सिमम टेम्परेचर सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक चल रहा है।

  • कांगड़ा: सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक, 11.0°C
  • सुंदरनगर: सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक, 24.2°C
  • नाहन: सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक, 23.4°C

16 फरवरी को हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार


मौसम विभाग के अनुसार, 16 फरवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के ऊंचाई वाले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, 17 फरवरी से फिर मौसम साफ हो जाएगा।