Follow Us:

धूप खिली, फ‍िर भी कड़ाके की ठंड, मनाली में पर्यटक की मौत

Weather-update: प्रदेश में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा।  लेकिन 8 से 12 फरवरी के बीच उच्च पर्वतीय एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में फिर से बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। धूप खिलने के बावजूद हिमाचल प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। प्रदेश के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जैसे जिलों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। वहीं, लाहौल घाटी में हिमस्खलन की घटना भी सामने आई, हालांकि इसमें किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 8 से 12 फरवरी के बीच उच्च पर्वतीय एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में फिर से बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। बर्फबारी के कारण कुल्लू और लाहौल घाटी के हालात अभी सामान्य नहीं हो पाए हैं। यहां 184 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं और 84 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हुए हैं।

कहां कितना गिरा तापमान?


प्रदेश में न्यूनतम पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। केलांग में -12.2°C, कुकमसेरी में -11.6°C, ताबो में -10.8°C, कल्पा में -3.1°C, भरमौर में -1.9°C और मनाली में -1.5°C तक तापमान गिर चुका है।

मनाली में इग्लू स्टे से निकलते ही गश खाकर गिरा पर्यटक, मौत


मनाली के हामटा क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां इग्लू स्टे के बाद चेक-आउट करते ही एक पर्यटक की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान कर्नाटक निवासी 23 वर्षीय साई प्रकाश एल शेट्टी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी मंगेतर के साथ मनाली घूमने आए थे और इग्लू में रुके थे। वीरवार सुबह जब वह चेक आउट कर सड़क की ओर बढ़े, तो कुछ ही कदम चलने के बाद उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वह बेहोश हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद प्रशासन ने पर्यटकों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है। अत्यधिक ठंड में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने की चेतावनी भी दी गई है।