Follow Us:

छह एचपीएस अधिकारियों के तबादले, कार्तिकेय शर्मा शिमला ग्रामीण के नए उपमंडलाधिकारी, देखें सूची

हिमाचल प्रदेश सरकार ने छह पुलिस अधिकारियों के किए तबादले और नए तैनाती आदेश जारी

कार्तिकेय शर्मा बने शिमला ग्रामीण के नए एसडीएम, ज्ञान सागर नेगी अतिरिक्त प्रभार से मुक्त

अजय कुमार-3 को मनाली का नया एसडीपीओ और फिरोज खान को शिमला विजिलेंस में मिली तैनाती


हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। गुरुवार को कार्मिक विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के तहत छह एचपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी अहम बदलाव करते हुए वर्ष 2023 बैच के एचएएस अधिकारी कार्तिकेय शर्मा को शिमला ग्रामीण का नया उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) नियुक्त किया गया है।

पुलिस विभाग में हुए फेरबदल के अनुसार, बबीता राणा को प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन जुंगा से स्थानांतरित कर प्रथम भारतीय रिजर्व बटालियन बंगाणा (ऊना) में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) का दायित्व सौंपा गया है। वहीं राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ऊना में सेवाएं दे रहे फिरोज खान को शिमला में पुलिस उपाधीक्षक (खुफिया) के महत्वपूर्ण पद पर भेजा गया है। इसके अलावा तृतीय भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह से अजय कुमार-3 को पर्यटन नगरी मनाली का नया एसडीपीओ (उप मंडल पुलिस अधिकारी) बनाया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय शिमला में अपनी नई पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे संजीव कुमार-4 को शिमला में ही डीएसपी (लीव रिजर्व) लगाया गया है। उधर, डीएसपी (मुख्यालय) ऊना हेम राज को भी पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी (लीव रिजर्व) के रूप में तैनात किया गया है। मनाली में एसडीपीओ के पद पर तैनात रहे विक्रांत बोंसरा का तबादला करते हुए उन्हें अब पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी (लीव रिजर्व) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त हरीश कुमार शर्मा को जुंगा बटालियन से पुलिस लाइन भराड़ी में तैनाती मिली है।

वहीं, प्रशासनिक सेवा के मोर्चे पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शिमला जिला के जुन्गा में सहायक आयुक्त (राजस्व)-सह-तहसीलदार के रूप में कार्यरत 2023 कैडर के एचएएस अधिकारी कार्तिकेय शर्मा को अब शिमला ग्रामीण का उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) नियुक्त किया गया है। कार्तिकेय शर्मा की इस नई तैनाती के साथ ही वरिष्ठ अधिकारी ज्ञान सागर नेगी को शिमला ग्रामीण के एसडीएम पद के अतिरिक्त प्रभार से भारमुक्त कर दिया गया है। ज्ञान सागर नेगी अब शिमला में केवल अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट यानी एडीएम (प्रोटोकॉल) के पद पर अपनी नियमित सेवाएं देंगे।