Follow Us:

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने अरूण जेटली के निधन पर व्यक्त किया शोक

समाचार फर्स्ट डेस्क |

राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि जेटली जी एक सुलझे हुए, विषयों पर गहरी पकड़ रखने वाले, कर्मठ और कद्दावार नेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में विभिन्न पदों पर रहकर महत्वपूर्ण सेवाएं दीं और देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि अरूण जेटली ने देश के लिए कभी न भूलने वाले योगदान दिए हैं। उन्हें उनके दूरदर्शी नेतृत्व और देश के लिए जन सहयोग और राष्ट्रीय उत्थान के कार्य के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

वही, अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि अरूण जेटली ने विभिन्न पदों पर रहकर देश को अपनी सेवाएं दी और वह सरकार व पार्टी संगठन के लिए बहुत महत्वपूर्ण थे। केन्द्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों को प्रभावी ढंग से संभाला। यह उनकी ज्ञान व अभिव्यक्ति की कला थी जिसके कारण उनके बहुत मित्र थे। उनके वित्त मंत्री के कार्यकाल के दौरान देश में जीएसटी लागू हुआ और विमुद्रीकरण जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।  

जयराम ठाकुर ने कहा कि जेटली जी एक प्रभावशाली वक्ता थे। वे बहुत समय तक राज्य सभा में भाजपा के अग्रणी वक्ता रहे। जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘वह उनके निधन से शोकाकुल हैं और अपना दुःख व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।’ उन्होंने जेटली जी की दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस पुण्य क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।  

राज्य मंत्रिमण्डल के सदस्यों महेन्द्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, सरवीन चैधरी, डाॅ. राम लाल मारकण्डा, विपिन सिंह परमार, वीरेन्द्र कंवर, बिक्रम सिंह, गोविन्द सिंह ठाकुर और डॉ. राजीव सैजल ने भी अरूण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।