Follow Us:

हिमाचल में 5 HAS अधिकारियों के तबादले, जानें


हिमाचल सरकार ने 5 HAS अधिकारियों के तबादला-तैनाती आदेश जारी किए
सचिन कंवल को HPSRLM सीईओ का अतिरिक्त प्रभार
भानू गुप्ता बने डायरेक्टर एस्टेट्स, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी



हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए शनिवार को 5 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) अधिकारियों के तबादला और तैनाती के आदेश जारी किए हैं। ये आदेश मुख्य सचिव संजय गुप्ता द्वारा जारी किए गए हैं, जिनमें विभिन्न विभागों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

आदेशों के अनुसार, वर्ष 2009 बैच के HPAS अधिकारी और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कंवल को हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (HPSRLM) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही वे IAS अधिकारी शिवम प्रताप सिंह को इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त करेंगे। अब शिवम प्रताप सिंह केवल डायरेक्टर स्पोर्ट्स के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।

वहीं, सुनील वर्मा से डायरेक्टर एस्टेट्स का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है और अब वे केवल अतिरिक्त सचिव (राजस्व एवं आवास) के रूप में कार्य करेंगे। इसी क्रम में भानू गुप्ता, जो पहले जॉइंट डायरेक्टर भाषा कला एवं संस्कृत विभाग के पद पर कार्यरत थे, को डायरेक्टर एस्टेट्स नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, एडिश्नल डायरेक्टर टूरिज्म एंड सिविल एविएशन के पद पर तैनात चंदन कपूर को भाषा, कला एवं संस्कृत विभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, डिप्टी सेक्रेटरी टू सीएम संजीव कुमार को लघु बचत निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस पद से अब अनिल कुमार को मुक्त कर दिया गया है।

सरकार के इस फैसले के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इन तबादलों के जरिए विभिन्न विभागों में कार्य क्षमता और समन्वय को और बेहतर बनाने की कोशिश की गई है।