➤ तीन तहसीलदारों को हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) में प्रमोशन
➤ अनिल कुमार को डिप्टी सेक्रेट्री टू सीएम और OSD का अतिरिक्त दायित्व
➤ IAS राखिल काहलो का रिजाइन, डॉ. अभिषेक जैन को जल शक्ति विभाग का अतिरिक्त चार्ज
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की सिफारिशों के आधार पर तीन तहसीलदारों को हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) में प्रमोट किया है। प्रमोशन पाने वालों में सुमेध शर्मा, गणेश ठाकुर और अनिल कुमार शामिल हैं। इसे लेकर मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रमोशन के साथ ही अनिल कुमार को मुख्यमंत्री कार्यालय में अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें डिप्टी सेक्रेट्री टू सीएम नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। सुमेध शर्मा और गणेश ठाकुर की तैनाती को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
प्रमोट किए गए अधिकारियों को लेवल-18 के तहत ₹56,100 से ₹1,77,500 प्रतिमाह वेतनमान मिलेगा। यह पदोन्नति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये पदोन्नतियां वर्ष 2008 से 2025 तक की लंबित याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी, जो फिलहाल हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में विचाराधीन हैं।
IAS राखिल काहलो का रिजाइन, अभिषेक जैन को अतिरिक्त चार्ज
इस बीच IAS अधिकारी राखिल काहलो ने रिटायरमेंट से एक महीना पहले ही रिजाइन दे दिया है। वे 31 जनवरी 2026 को रिटायर होने वाली थीं, लेकिन उन्हें हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) का मेंबर नियुक्त किया गया है। वहां जॉइनिंग से पहले रिजाइन देना आवश्यक था।
राखिल काहलो वर्तमान में जल शक्ति विभाग की सेक्रेटरी थीं। अब वे अगले छह वर्षों तक HPPSC में मेंबर के रूप में दायित्व निभाएंगी। उनके रिजाइन के बाद सरकार ने जल शक्ति विभाग का एडिशनल चार्ज IAS डॉ. अभिषेक जैन को सौंपा है।



