Follow Us:

हिमाचल: गर्मी ने छुड़ाए पसीने, ऊना में 43 डिग्री पहुंचा पारा

डेस्क |

डेस्क।

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। एक और जहां ऊना में इस सीजन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पहुंच गया है तो वहीं, राजधानी शिमला में गुरुवार की रात 23 साल बाद सबसे गर्म रही। शिमला शहर का न्यूनतम पारा 19.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बात करें ऊना की तो यहां साल 2017 में भी अप्रैल महीने के दौरान भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री पहुंचा था।

मौसम विभाग शिमला ने प्रदेशवासियों को इस तपती गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से 3 मई तक प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय 8 जिलों में बारिश होने की आशंका है। विभाग के मुताबिक प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा में 2 मई तक मौसम साफ रहेगा। 3 मई को इन जिलों में बारिश की आशंका बन रही है।

इसके अलावा मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 3 मई तक मौसम खराब बना रहेगा। ऐसे में लोगों को तपती गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है। बारिश न होने से जगह-जगह जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जंगलों में आग लगने से अब तक कोरोड़ों की वन संपदा जलकर खाक हो गई है। प्रदेश के कई जिलों में जल संकट भी गहराने लगा है। ऐसे में अगर जल्द बारिश ने हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है।