Follow Us:

आज और कल लू का अलर्ट , फ‍िर बारिश-ओलावृष्टि!

26 और 27 मई को लू का येलो अलर्ट, 28-29 मई को बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

ऊना में पारा 41.6 डिग्री पहुंचा, शिक्षा विभाग ने स्कूलों के लिए जारी की एडवाइजरी


हिमाचल प्रदेश में नौतपा के पहले ही दिन भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। सोमवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 28 और 29 मई को बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। विद्यार्थियों को दोपहर के समय धूप से बचाने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। वहीं प्रशासन ने लोगों से भी गर्मी के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

सोमवार को ऊना, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर और सिरमौर सहित कई मैदानी जिलों में गर्म हवाएं चलीं। तेज गर्मी के चलते बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे। दूसरी ओर रामपुर और मनाली में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई, जिससे कुछ राहत मिली। रोहतांग और शिंकुला दर्रा में बर्फबारी भी हुई, जहां पर्यटकों ने मौसम का आनंद लिया।

कुल्लू में तेज अंधड़ के कारण कई स्थानों पर पेड़ और होर्डिंग गिर गए। तेज हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 और 27 मई को प्रदेश में तेज धूप के कारण तापमान और बढ़ सकता है। इसके बाद 28 और 29 मई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में बारिश और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि अन्य मैदानी जिलों में इस दौरान लू का असर बना रहेगा। 30 मई को भी प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। किसानों और बागवानों को मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। कई इलाकों में रात का तापमान पहाड़ी क्षेत्रों के दिन के तापमान से भी अधिक रिकॉर्ड किया गया। पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि नेरी में 22.9, नाहन में 22.8, देहरा गोपीपुर में 22 और बिलासपुर में 21 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अधिकतम तापमान की बात करें तो ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नेरी में 39.8, सुंदरनगर में 38.7, मंडी में 37.6 और कांगड़ा में 37.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। राजधानी शिमला में भी तापमान 29.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि मनाली में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।